LIVE

Aaj Ki Taza Khabar: पीएम-सीएम को पद से हटाने वाले विधेयक को लेकर अमित शाह का विपक्ष पर निशाना....अमित साटम को मिली मुंबई भाजपा अध्यक्ष की कमान

  • आज से दिल्ली मेट्रो के किराए में बढ़ोतरी
  • बुलंदशहर में सड़क हादसा, 8 की मौत
  • पीएम मोदी का आज गुजरात दौरा, देंगे सौगातें
  • अमित साटम को मिली मुंबई भाजपा अध्यक्ष की कमान
Aaj Ki Taza Khabar: पीएम-सीएम को पद से हटाने वाले विधेयक को लेकर अमित शाह का विपक्ष पर निशाना....अमित साटम को मिली मुंबई भाजपा अध्यक्ष की कमान
Aaj Ki Taza Khabar 17 July 2025: दिल्ली मेट्रो सेवाओं के यात्री किराए में आज, यानी 25 अगस्त 2025 (सोमवार) से संशोधन किया गया है। दूरी के आधार पर सिर्फ ₹1 से ₹4 तक बढ़ोतरी की गई है। वहीं, बुलंदशहर के थाना अरनिया क्षेत्र में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। NH 34 पर घटाल गांव के पास श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर को कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिवसीय गुजरात के दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी अहमदाबाद में 5,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। वहीं, बांग्लादेश ने रविवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक डार के समक्ष 1971 के युद्ध के लिए माफी मांगने समेत लंबित मुद्दों को उठाया। हालांकि, वह इन मुद्दों पर डार के विचारों से सहमत नहीं है। डार 2012 के बाद से ढाका का दौरा करने वाले पाकिस्तान के सबसे वरिष्ठ नेता हैं। जानिए देश और दुनिया की अहम खबरें।
Aug 25, 2025 | 07:41 PM IST

अदालत ने यातायात पुलिसकर्मी पर हमले के आरोपी को बरी किया

दिल्ली की एक अदालत ने ड्यूटी पर तैनात दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी पर हमला करने के आरोपी व्यक्ति को बरी कर दिया है। अदालत ने कहा कि लोक सेवक की गवाही अविश्वसनीय थी और विश्वसनीय साक्ष्यों से उसकी पुष्टि नहीं हुई थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट शशांक नंदन भट्ट, आरोपी मंदीप सिंह के खिलाफ एक मामले की सुनवाई कर रहे थे, जिसके खिलाफ राजौरी गार्डन पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 353 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 186 (लोक सेवक को उसके सार्वजनिक कार्यों के निर्वहन में बाधा डालना) और 332 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए जानबूझकर चोट पहुँचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
Aug 25, 2025 | 05:51 PM IST

हिमाचल के चंबा में मणिमहेश जाते समय पंजाब के तीन श्रद्धालओं की मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में स्थित मणिमहेश जाते समय पंजाब के तीन श्रद्धालुओं की कथित तौर पर ऑक्सीजन की कमी (हाइपोक्सिया) के कारण मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान पठानकोट के रहने वाले अमन (18) और रोहित (18) तथा गुरदासपुर के रहने वाले अनमोल (26) के रूप में हुई है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, ‘हाइपोक्सिया’ के कारण एक श्रद्धालु की मौत रविवार रात और दो की मौत सोमवार को हुई। अधिकारियों ने बताया कि शवों को चंबा के भरमौर लाया जा रहा है और पोस्टमॉर्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा। भरमौर के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) कुलदीप सिंह राणा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रविवार को फिर से शुरू हुई मणिमहेश यात्रा क्षेत्र में बारिश और भूस्खलन के बाद फिर से स्थगित कर दी गई है। मणिमहेश यात्रा 17 अगस्त से 15 सितंबर तक होती है।
Aug 25, 2025 | 05:12 PM IST

कांग्रेस नेता राहुल अजित पवार वाली NCP में हुए शामिल,

कांग्रेस नेता और कोल्हापुर जिला परिषद के पूर्व सदस्य राहुल पाटिल सोमवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में शामिल हो गए। राहुल पाटिल दिवंगत कांग्रेस विधायक पीएन पाटिल के बेटे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में कोल्हापुर के करवीर निर्वाचन क्षेत्र से शिवसेना के चंद्रदीप नरके के खिलाफ किस्मत आजमाई थी, लेकिन असफल रहे थे। पवार ने पाटिल को पार्टी में शामिल करते हुए उन्हें एक विश्वसनीय नेता बताया जो कोल्हापुर जिले में राकांपा को मजबूत करने में मदद करेगा।
Aug 25, 2025 | 04:11 PM IST

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन बाधित

हिमाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के मद्देनजर राज्य के 12 में से आठ जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, जबकि तीन राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 685 सड़कें बंद हैं। स्थानीय मौसम कार्यालय ने सोमवार को कांगड़ा और चंबा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने को कहा है। मौसम कार्यालय ने 31 अगस्त तक राज्य में भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है। लाहौल और स्पीति जिले के ऊंचाई वाले इलाके शिपकिला में मौसम की पहली बर्फबारी की भी खबरें हैं।
Aug 25, 2025 | 03:48 PM IST

उम्मीद है कि शीर्ष अदालत जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देने के लिए समयसीमा तय करेगी : उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को उम्मीद जताई कि उच्चतम न्यायालय अक्टूबर में मामले की सुनवाई के बाद केंद्र शासित प्रदेश (जम्मू कश्मीर) का राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए समय सीमा तय करेगा। उच्चतम न्यायालय ने जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का अनुरोध वाली याचिकाओं पर सुनवाई निर्धारित तारीख से पहले करने से सोमवार को इनकार कर दिया और कहा कि मामला पहले ही 10 अक्टूबर के लिए सूचीबद्ध है।अब्दुल्ला ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘मुझे जानकारी नहीं है कि न्यायालय में तत्काल सुनवाई के लिए कौन गया। हम भी चाहते हैं कि इस फैसले में कोई देरी न हो।’’
Aug 25, 2025 | 03:20 PM IST

भारत और फिजी बढ़ाएंगे रक्षा संबंध

भारत और फिजी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फिजी के प्रधानमंत्री सितवेनी लिगामामादा राबुका के साथ व्यापक वार्ता के बाद अपने रक्षा संबंधों को विस्तार देने के लिए एक व्यापक कार्य योजना तैयार की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और फिजी भले ही दूर हों लेकिन हमारी आकांक्षाएं समान हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और फिजी स्वतंत्र, समावेशी, खुले, सुरक्षित और समृद्ध भारत-प्रशांत क्षेत्र का समर्थन करते हैं। राबुका रविवार को तीन दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री के रूप में यह भारत की उनकी पहली यात्रा है।
समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में फ़िजी भारत के लिए अहम राष्ट्र है। प्रशांत क्षेत्र में अपनी रणनीतिक पकड़ बढ़ाने के चीन के अथक प्रयासों की पृष्ठभूमि में, भारत फ़िजी के साथ अपने रक्षा संबंधों को बढ़ाने पर विचार कर रहा है। मोदी और राबुका के बीच वार्ता के बाद, दोनों पक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सहयोग के लिए सात समझौतों पर हस्ताक्षर किए। मोदी ने कहा, हमने रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र में आपसी सहयोग को मज़बूत करने का निर्णय लिया है। उन्होंने अपने मीडिया वक्तव्य में कहा कि इसके लिए एक कार्य योजना तैयार की गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत, फिजी की समुद्री सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए प्रशिक्षण और साजोसामान प्रदान करेगा।
Aug 25, 2025 | 03:05 PM IST

नासेर अस्पताल पर इजराइली हमले में कई पत्रकार मारे गए

नासेर अस्पताल पर इजराइली हमले में कई पत्रकार मारे गए, जिनमें ‘एपी’ के लिए काम करने वाला एक स्वतंत्र पत्रकार भी शामिल है ।
Aug 25, 2025 | 02:46 PM IST

दिल्ली : एल्विश यादव के घर पर गोलीबारी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर एल्विश यादव के घर के बाहर हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में हिमांशु भाऊ गिरोह से कथित रूप से संबद्ध दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपियों की पहचान गौरव और आदित्य के रूप में की गयी है। दोनों व्यक्तियों को उनकी गतिविधि के बारे में गुप्त सूचना मिलने के बाद एक योजनाबद्ध अभियान चलाकर दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके के पास से गिरफ्तार किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, आरोपियों पर यादव के घर पर 17 अगस्त को हुई गोलीबारी की घटना में सीधे तौर पर शामिल होने का संदेह है। गोलीबारी के बाद इंस्टाग्राम पर एक कथित पोस्ट सामने आयी थी, जिसमें भाऊ गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। अधिकारी ने कहा, हमले के मकसद का पता लगाने और साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि एक मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।
Aug 25, 2025 | 02:43 PM IST

सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव विशेषज्ञ संजय कुमार को गिरफ्तारी से संरक्षण प्रदान किया

सुप्रीम कोर्ट ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए महाराष्ट्र में मतदाता सूची से संबंधित गलत सूचना फैलाने के आरोप में चुनाव विशेषज्ञ संजय कुमार के खिलाफ दायर निर्वाचन आयोग की दो प्राथमिकी में उन्हें गिरफ्तारी से संरक्षण प्रदान किया है। प्रधान न्यायाधीश बी. आर. गवई और न्यायमूर्ति एन. वी. अंजारिया की पीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा और वकील सुमीर सोढ़ी की दलीलों पर गौर किया कि चुनाव विश्लेषक द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी मांगे जाने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। प्रधान न्यायाधीश ने कहा, नोटिस जारी करें। इस बीच, कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। विकासशील समाज अध्ययन केंद्र (सीएसडीएस) में लोकनीति के सह-निदेशक कुमार ने महाराष्ट्र में अपने खिलाफ दर्ज दो प्राथमिकी को रद्द करने का अनुरोध करते हुए शीर्ष अदालत का रुख किया है। प्राथमिकी में उन पर ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए महाराष्ट्र की मतदाता सूची से संबंधित गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया गया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि ये प्राथमिकी कानून का दुरुपयोग हैं और एक शिक्षाविद को (निर्वाचन आयोग की) वास्तविक गलती के लिए परेशान करने का प्रयास है।
Aug 25, 2025 | 02:39 PM IST

अजय कुमार भल्ला ने नगालैंड के 22वें राज्यपाल के रूप में ली शपथ

मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने सोमवार को यहां राजभवन में आयोजित एक समारोह में नागालैंड के 22वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। राज्यपाल ला गणेशन के निधन के बाद भल्ला को नागालैंड के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। गौहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति आशुतोष कुमार ने भल्ला को पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में नगालैंड के मुख्यमंत्री नीफियू रियो, उपमुख्यमंत्री टीआर जेलियांग और वाई पैटन, कई राज्य मंत्री, विधायक, वरिष्ठ नौकरशाह और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शपथ ग्रहण के बाद भल्ला ने यहां राजभवन में रियो के नेतृत्व वाले राज्य मंत्रिमंडल के साथ पहली बातचीत की। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह के अंतर्गत औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का भी निरीक्षण किया। मुख्य सचिव सेंतियांगर इमचेन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का समापन राजभवन में एक समारोह के साथ हुआ जहां राजनीतिक नेताओं, जनजातीय निकायों, चर्च प्रतिनिधियों और नागरिक समाज संगठनों ने राज्य के नए संवैधानिक प्रमुख को शुभकामनाएं दीं।
Aug 25, 2025 | 01:56 PM IST

सुप्रीम कोर्ट ने दिव्यांगों का मजाक उड़ाने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से माफी मांगने को कहा

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के प्रस्तोता समय रैना सहित पांच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से कहा कि वे दिव्यांग और दुर्लभ आनुवंशिक विकारों से पीड़ित व्यक्तियों का उपहास उड़ाने के लिए अपने पॉडकास्ट या कार्यक्रम में बिना शर्त माफी मांगें। न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने केंद्र से दिव्यांगों, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को अपमानित करने या उनका उपहास उड़ाने वाले भाषणों पर अंकुश लगाने के लिए दिशानिर्देश तैयार करने को कहा। पीठ ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता अन्य समुदायों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले व्यावसायिक भाषण पर लागू नहीं हो सकती। अदालत ने कहा कि वह बाद में रैना सहित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स द्वारा दिव्यांग व्यक्तियों का अपमान करने के लिए उन पर जुर्माना लगाने पर विचार करेगा। पांचों पर दिव्यांगों और ‘स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी’ और दृष्टिबाधित लोगों का मजाक उड़ाने का आरोप है। सोनाली ठक्कर उर्फ ​​सोनाली आदित्य देसाई को छोड़कर बाकी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स अदालत में उपस्थित थे। ठक्कर को इस शर्त पर शारीरिक रूप से उपस्थित होने से छूट दी गई थी कि उनके कार्यक्रम में बिना शर्त माफी प्रसारित की जाएगी।
Aug 25, 2025 | 01:14 PM IST

अमित साटम को मिली मुंबई भाजपा अध्यक्ष की कमान

मुंबई भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सोमवार को अमित साटम को दी गई। उन्होंने आशीष सेलार की जगह ली। महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हान ने उन्हें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में इस पद पर नियुक्त किया। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रेस वार्ता को भी संबोधित किया, जिसमें उन्होंने अमित साटम की नियुक्ति के अलावा महाराष्ट्र की राजनीति के संबंध में अपनी खुलकर अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पिछले लंबे समय से आशीष सेलार ने मुंबई के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। कई महत्वपूर्ण चुनावों में भाजपा ने उनके नेतृत्व में जीत हासिल की। मुंबई भाजपा के लिए यह एक नई उड़ान का चुनाव था। तीसरा बार भाजपा ने यह साबित किया कि वो मुंबई की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने आगे कहा कि हमने अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से संवाद करने के बाद मुंबई के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अमित साटम को सौंपने का फैसला किया। सभी विधायकों ने मिलकर इनके नाम को चुना है। आज अध्यक्ष जी ने उनके नाम की घोषणा की है। अमित साटम विधानसभा में एक मुखर विधायक के रूप में प्रसिद्ध है। उन्होंने अपनी बेबाकी के दम पर लोगों के बीच में अपनी एक छवि स्थापित की है। वे मुंबई से तीन बार विधायक रहे हैं। इसके अलावा, बीएमसी में भी काम कर चुके हैं। संगठन में अलग-अलग पदों पर उन्हें काम करने का अनुभव है। उनके पास कार्यकर्ता से लेकर नेता तक का अनुभव है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में भाजपा नई ऊंचाइयों को छुएगी। भाजपा अपना ही रिकॉर्ड तोड़ेगी।
Aug 25, 2025 | 12:56 PM IST

मोदी सरकार को युवाओं की चिंता नहीं, क्योंकि वह वोट चुराकर सत्ता में आई है: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों पर पुलिस के बल प्रयोग की सोमवार को निंदा करते हुए इसे शर्मनाक करार दिया और आरोप लगाया कि मोदी सरकार को देश के युवाओं की चिंता नहीं है क्योंकि वह वोट चुराकर सत्ता में आई है। परीक्षा के बेहतर संचालन की मांग को लेकर एसएससी के छात्रों और शिक्षकों ने रविवार को रामलीला मैदान में विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज करने के विपक्षी दलों के दावों का खंडन किया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, रामलीला मैदान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे एसएससी अभ्यर्थियों और शिक्षकों पर बर्बर लाठीचार्ज शर्मनाक ही नहीं, बल्कि एक डरपोक सरकार की पहचान है। युवाओं ने सिर्फ अपना हक मांगा था - रोजगार और न्याय। मिली क्या? लाठियां। राहुल गांधी ने आरोप लगाया, साफ है कि मोदी सरकार को न देश के युवाओं की चिंता है, न उनके भविष्य की। हो भी क्यों? यह सरकार जनता के वोटों से नहीं, बल्कि वोट चुराकर सत्ता में आई है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और दावा किया, पहले वोट चुराएंगे, फिर परीक्षा चुराएंगे, फिर नौकरियां चुराएंगे, फिर आपका हक और आवाज - दोनों कुचल देंगे।
Aug 25, 2025 | 12:05 PM IST

बिहार में इंडिया गठबंधन तय करेगा मुख्यमंत्री का चेहरा : धर्मेन्द्र यादव

आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद एवं लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री का चेहरा इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस गठबंधन तय करेगा। यादव ने यह भी कहा कि प्रमुख दल होने के नाते वहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का दावा बनता है। सपा सांसद यादव ने रविवार रात संवाददाताओं से कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री को लेकर फैसला इंडिया गठबंधन द्वारा लिया जाएगा। जब उनसे पूछा गया कि बिहार में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, तो यादव ने कहा, इंडिया गठबंधन के लोग निर्णय लेंगे। यादव ने यह भी कहा, सभी जानते हैं कि बिहार में मुख्य दल कौन है और मुख्य दल के नेता कौन हैं। स्वाभाविक है कि राजद मुख्य दल है और उनका दावा बनता है। हालांकि, अंतिम फैसला इंडिया गठबंधन द्वारा ही लिया जाएगा।
Aug 25, 2025 | 11:19 AM IST

जम्मू कश्मीर के पुंछ में एलओसी के पास देखे गए ड्रोन, तलाश अभियान जारी

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास कई अग्रिम इलाकों में पाकिस्तान से आए कम से कम छह ड्रोन मंडराते देखे गए जिसके बाद सुरक्षा बलों ने तलाश अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात 9.15 बजे मेंढर सेक्टर के बालाकोट, लांगोटे और गुरसाई नाले के ऊपर सीमा पार से ड्रोनों की गतिविधि देखी गई। उन्होंने बताया कि ऐसी आशंका है कि ये ड्रोन निगरानी के लिए छोड़े गए। ये काफी ऊंचाई पर उड़ते हुए देखे गए और पांच मिनट के भीतर ही पाकिस्तानी सीमा में वापस लौट गए। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि, इलाके की घेराबंदी कर दी गई और सुबह होते ही उन इलाकों में तलाशी शुरू कर दी गई जहां ड्रोनों की गतिविधियां देखी गईं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनसे कोई हथियार या मादक पदार्थ तो नहीं गिराया गया। पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान द्वारा हथियार और मादक पदार्थ गिराने के लिए ड्रोन का उपयोग सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है और इसी सिलसिले में पुलिस ने पिछले वर्ष फरवरी में ड्रोन देखे जाने की सूचना देने वाले को तीन लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।
Aug 25, 2025 | 10:21 AM IST

ईडी ने बंगाल स्कूल भर्ती घोटाले में तृणमूल विधायक, उनके रिश्तेदारों के खिलाफ छापे मारे

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में सोमवार को पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायक जीवन कृष्ण साहा और उनके कुछ रिश्तेदारों के परिसरों पर छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। मुर्शिदाबाद जिले के बुरवान विधानसभा क्षेत्र से विधायक साहा के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत छापेमारी की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि विधायक के कुछ रिश्तेदारों और सहयोगियों के परिसरों पर भी तलाशी ली जा रही है। साहा को सीबीआई ने इस घोटाले में संलिप्तता के आरोप में 2023 में गिरफ्तार किया था और बाद में रिहा कर दिया गया था।
Aug 25, 2025 | 09:40 AM IST

PM, CM को पद से हटाने वाले विधेयक पर बोले अमित शाह

130th Constitutional Amendment Bill: भ्रष्टाचार को लेकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय व राज्य के मंत्रियों को पद से हटाने वाले बिल को लेकर पिछले दिनों संसद में संग्राम मचा रहा है। विपक्ष इसे मुद्दा बनाकर सत्ता चोरी जैसे शब्दों का प्रयोग कर रहा है। इसी विधेयक को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने विस्तार से बात रखी है। गृह मंत्री अमित शाह ने 130वें संविधान संशोधन विधेयक के खिलाफ विपक्ष के रुख पर एएनआई को दिए एक साक्षात्कार में कई बातें स्पष्ट कीं। अमित शाह ने कहा, आज भी वे (विपक्ष) कोशिश कर रहे हैं कि अगर कभी जेल गए, तो जेल से आसानी से सरकार बना लेंगे। जेल को ही मुख्यमंत्री आवास, प्रधानमंत्री आवास बना दिया जाएगा और डीजीपी, मुख्य सचिव, कैबिनेट सचिव या गृह सचिव जेल से आदेश लेंगे।
Aug 25, 2025 | 09:22 AM IST

लखनऊ, उत्तर प्रदेश: ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला बच्चों और प्रशंसकों के शानदार स्वागत के बीच लखनऊ पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया।

Aug 25, 2025 | 09:08 AM IST

ग्रेटर नोएडा दहेज हत्या मामला-| मृतक निक्की के देवर को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक यह तीसरी गिरफ्तारी है। निक्की की सास को कल गिरफ्तार किया गया था। दहेज की मांग को लेकर निक्की की हत्या के आरोपी उसके पति विपिन भाटी को कल पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया और उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Aug 25, 2025 | 08:45 AM IST

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता की सुरक्षा का जिम्मा दोबारा दिल्ली पुलिस को मिला

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि केंद्र ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को दी गई जेड श्रेणी की सीआरपीएफ सुरक्षा (Delhi CM Z Security) वापस ले ली है। कुछ दिन पहले ही उन पर हुए हमले के बाद उन्हें यह सुरक्षा प्रदान की गई थी। उन्होंने बताया कि उनकी सुरक्षा फिर से दिल्ली पुलिस को सौंप दी गई है। 51 वर्षीय गुप्ता पर 20 अगस्त की सुबह सिविल लाइंस इलाके में उनके कैंप कार्यालय में 'जन सुनवाई' कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने हमला किया था। उनके कार्यालय ने इस हमले को 'उनकी हत्या की एक सुनियोजित साजिश' का हिस्सा बताया था।
Aug 25, 2025 | 08:26 AM IST

जानिए कितना बढ़ा दिल्ली मेट्रो का किराया

Aug 25, 2025 | 08:17 AM IST

मुंबई में बारिश से कई जगह जलभराव

Aug 25, 2025 | 08:05 AM IST

भारत पर अतिरिक्त टैरिफ रूस को युद्ध रोकने के लिए मजबूर करने का आक्रामक आर्थिक दबाव, बोले जेडी वेंस

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने रविवार को कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को यूक्रेन पर बमबारी रोकने के लिए मजबूर करने के वास्ते भारत पर अतिरिक्त शुल्क जैसे आक्रामक आर्थिक दबाव का इस्तेमाल किया है। वेंस ने एनबीसी न्यूज पर एक विशेष साक्षात्कार के दौरान यह भी कहा कि इस कदम से रूस के लिए अपनी तेल अर्थव्यवस्था के दम पर समृद्ध होना मुश्किल हो जाएगा। ट्रंप प्रशासन रूस से रियायती दरों पर कच्चा तेल खरीदने के लिए भारत की कड़ी आलोचना करता रहा है। दिलचस्प बात यह है कि वाशिंगटन रूसी कच्चे तेल के सबसे बड़े आयातक चीन की आलोचना नहीं कर रहा है। भारत का कहना है कि रूस सहित उसकी ऊर्जा खरीद राष्ट्रीय जरूरतों के मुताबिक है।
Aug 25, 2025 | 07:22 AM IST

1971 के अनसुलझे मुद्दों पर पाक विदेश मंत्री से हमारी सहमति नहीं: बांग्लादेशी विदेश मंत्री

बांग्लादेश ने रविवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक डार के समक्ष 1971 के युद्ध के लिए माफी मांगने समेत लंबित मुद्दों को उठाया। हालांकि, वह इन मुद्दों पर डार के विचारों से सहमत नहीं है। डार 2012 के बाद से ढाका का दौरा करने वाले पाकिस्तान के सबसे वरिष्ठ नेता हैं। डार बांग्लादेश की दो दिवसीय यात्रा पर शनिवार को ढाका पहुंचे थे। उनका उद्देश्य लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहीं शेख हसीना के पद से हटने के बाद बांग्लादेश के साथ संबंधों को फिर से बेहतर बनाना है। डार ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के विदेश सलाहकार एम तौहीद हुसैन के साथ बातचीत की। समाचार पत्र ‘प्रोथोम अलो’ ने हुसैन के हवाले से लिखा, निश्चित रूप से मैं डार से सहमत नहीं हूं। अगर ऐसा होता, तो समस्याएं सुलझ जातीं। हमने अपनी और उन्होंने (पाकिस्तानी पक्ष ने) अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि दोनों देश आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बातचीत जारी रखेंगे।
Aug 25, 2025 | 07:22 AM IST

यूपी: समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने वाले 5 अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई

गोरखपुर मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में एनेक्सी भवन में आयोजित विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने वाले पांच अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की है। ढींगरा ने इन अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश जारी किया। इसके साथ ही, एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। जिन अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, वे हैं: सीएंडडीएस इकाई 14, 19 और 42 (तीनों इकाई) के परियोजना प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ (यूपीआरएनएसएस)-I के अधिशासी अभियंता और बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य।
Aug 25, 2025 | 07:22 AM IST

पीएम मोदी का गुजरात दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिवसीय गुजरात के दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी अहमदाबाद में 5,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। वह सोमवार शाम को एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी वीरमगाम-खुदाद-रामपुरा सड़क के चौड़ीकरण का उद्घाटन करेंगे। वह अहमदाबाद-मेहसाणा-पालनपुर मार्ग पर छह लेन वाले वाहन अंडरपास और अहमदाबाद-वीरमगाम मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की आधारशिला भी रखेंगे।
Aug 25, 2025 | 07:21 AM IST

बुलंदशहर में सड़क हादसा, 8 की मौत

बुलंदशहर के थाना अरनिया क्षेत्र में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। NH 34 पर घटाल गांव के पास श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर को कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसे में 43 लोग घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल और कैलाश हॉस्पिटल खुर्जा करवाया गया है। घायलों में से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।
Aug 25, 2025 | 07:21 AM IST

आज से दिल्ली मेट्रो के किराए में बढ़ोतरी

दिल्ली मेट्रो सेवाओं के यात्री किराए में आज, यानी 25 अगस्त 2025 (सोमवार) से संशोधन किया गया है। दूरी के आधार पर सिर्फ ₹1 से ₹4 तक बढ़ोतरी की गई है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के लिए ₹5 तक बढ़ोतरी की गई है। 25 अगस्त 2025 से प्रभावी नए किराया स्लैब को किलोमीटर के आधार पर तय किया गया है।