ग्रेटर नोएडा

Greno News: कॉलेज हॉस्टल गोलीकांड में दूसरे छात्र की भी मौत; गोली किसने और क्यों चलाई? उठे सवाल

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक कॉलेज हॉस्टल में मंगलवार को हुए सनसनीखेज गोलीकांड ने छात्रों और स्थानीय समुदाय को हिला दिया। इस घटना में दो छात्रों की मौत हो गई, जिनमें देवांश चौहान भी शामिल हैं, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। कॉलेज प्रशासन ने जांच एजेंसियों के साथ सहयोग का आश्वासन देते हुए प्रभावित छात्रों के परिवारों और बाकी छात्र समुदाय के लिए सहायता और काउंसलिंग की व्यवस्था की है।

FollowGoogleNewsIcon

Greater Noida College Hostel Shooting: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में मौजूद एक कॉलेज हॉस्टल में मंगलवार को हुए गोलीकांड में घायल हुए दूसरे छात्र ने भी बुधवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक छात्र की पहचान देवांश चौहान के रूप में हुई है। इससे पहले आंध्र प्रदेश के चिलकुलरी के रहने वाले 22 वर्षीय दीपक कुमार की मंगलवार को ही मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि 23 वर्षीय देवांश चौहान मूल रूप से आगरा के भगवान टॉकीज का रहने वाला था और पीजीडीएम की पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, उसे मंगलवार को हॉस्टल के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया गया तथा उसके सिर में गोली तक फंसी हुई थी। ऐसे में उसे तत्काल कैलाश अस्पताल भर्ती कराया गया जहां देर रात तक उसका ऑपरेशन चला। लेकिन बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई।

ग्रेटर नोएडा कॉलेज हॉस्टल मामले में दूसरे छात्र की मौत

गोली किसने और क्यों चलाई?

पुलिस से मिली जानकारी से यह पता चला है कि, इस घटना में देवांश के पिता सुरेंद्र सिंह की लाइसेंसी रिवॉल्वर का इस्तेमाल किया गया, जो उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में डिप्टी एसपी पद से हाल ही में सेवानिवृत्त हैं। मौके से बरामद रिवॉल्वर में कुल छह गोलियां लोड थीं, जिनमें से दो फायर हुई थीं। घटना में दोनों छात्रों को एक-एक गोली लगी थी, जबकि चार गोलियां अभी भी रिवॉल्वर में मौजूद थीं। अब सवाल यह उठ रहा है कि गोली किसने और क्यों चलाई? घटना के वक्त कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस आत्महत्या या आपसी झगड़े के बाद गोली चलने, इन दोनों ही संभावनाओं पर जांच कर रही है।

ऑफ-कैम्पस हॉस्टल में हथियार का इस्तेमाल

मृतक (देवांश) के अनुसार, देवांश मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अपने आगरा स्थित घर से निकला था। ऐसा कहा जा रहा है कि, वह रिवॉल्वर लेने के लिए ही घर आया था और लगभग 9:30 बजे हॉस्टल लौट गया। इसके बाद करीब 11:30 बजे यह घटना हुई। इस पूरे मामले को लेकर कॉलेज प्रशासन ने गहरा शोक जताया है। कॉलेज की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि, यह एक अत्यंत दुखद और आघातपूर्ण घटना है जिसमें कथित तौर पर ऑफ-कैम्पस हॉस्टल में हथियार का प्रयोग किया गया।

End Of Feed