एजुकेशन

विदेश में पढ़ने के लिये कौन से देश बेस्ट? भारत 22वें नंबर पर, जानें क्या कहती है ये रैंकिंग

Global Education Ranking: विदेश में पढ़ाई करने के लिए 2024 की टॉप 10 देशों की लिस्ट में अमेरिका पहले नंबर पर है। इस रिपोर्ट में देशों को उनके शैक्षिक माहौल, कल्चर और यूनिवर्सिटी की गुणवत्ता के आधार पर रैंक किया गया है। भारत को 22वां स्थान मिला है, जो ये दिखाता है देश को अब भी ग्लोबल लेवल पर सुधार की जरूरत है।
Global education opportunities

global education opportunities (Canva)

Best countries to study abroad 2024: आज के समय में स्टूडेंट्स सिर्फ अपनी डिग्री तक ही सीमित नहीं रहना चाहते बल्कि एक ऐसे एक्सपीरियंस की तलाश में रहते हैं, जो उन्हें करियर में और आगे तक ले जाए। ऐसे में विदेशों में पढ़ाई करना एक ट्रेंडिंग ऑप्शन बन रहा है। इस ऑप्शन के जरिये छात्रों को न सिर्फ ग्लोबल एक्सपोजर मिलता है, बल्कि कई तरह की भाषाएं सीखने और अलग-अलग कल्चर को समझने से लेकर इंटरनेशनल लेवल पर करियर बनाने का भी मौका मिलता है। साथ ही छात्र विदेशों में पढ़ाई करने के बाद वहीं नौकरी कर वहां के माहौल को करीब से जान पाते हैं। ऐसे में चलिये जानते हैं वो कौन से देश हैं, जो पढ़ाई के लिये सबसे ज्यादा पसंद किये जाते हैं।

क्यों जरूरी है बेहतर माहौल?

हाल ही में एक रिपोर्ट पब्लिश हुई है, जिसके मुताबिक कुछ देश ऐसे हैं, जो स्टूडेंट्स पढ़ने के लिये बेहद पसंद कर रहे हैं। ये देश छात्रों को हाई क्वालिटी की एजुकेशन, आधुनिक सुविधाएं और इंटरनेशनल लेवल का माहौल देते हैं। विदेश में पढ़ाई करने का फैसला किसी भी छात्र की जिंदगी को एक नया मोड़ दे सकता है। ऐसे में सही सही कोर्स और सही यूनिवर्सिटी के साथ सही देश को चुनना भी बेहद जरूरी है।

किस आधार पर की गई देशों की रैंकिंग?

सबसे पहले तो ये जान लेते हैं कि ये रैंकिंग तय कैसे की गई। दरअसल, पढ़ने के लिये बेस्ट देशों की लिस्ट बनाने के लिये दुनियाभर के लगभग 17,000 से भी ज्यादा लोगों की राय ली गई, जिनमें से लगभग 7,000 प्रतिभागी 35 या फिर उससे कम उम्र के युवा थे। रैंकिग कुछ बातों पर निर्भर थी। जैसे कि- क्या देश सांस्कृतिक रूप से आकर्षिक है? क्या घूमने फिरने के लिये इस देश का वातावरण अच्छा है? क्या लोग वहां यूनिवर्सिटीज में पढ़ाई करना चाहेंगे? क्या देश में हाई क्वालिटी यूनिवर्सिटीज मौजूद हैं?

संयुक्त राज्य अमेरिका (United States)

इन सब बातों के आधार पर जो सबसे पहला देश टॉप 1 पर आता है, वो है अमेरिका। विदेश में पढ़ाई के लिए 2024 की इस लिस्ट में अमेरिका को पहला स्थान मिला है। अमेरिका की अर्थव्यवस्था विश्व की सबसे बड़ी है जिसकी GDP $27.4 ट्रिलियन है। यहां की आबादी लगभग 335 मिलियन है और प्रति व्यक्ति आय (PPP) $81,695 है। अमेरिका में दुनिया की टॉप यूनिवर्सिटीज , रिच कल्चर और हाईटेक रिसर्च फैसिलिटीज हैं, जो छात्रों के लिये इन्हें नंबर 1 बनाती हैं।

यूनाइटेड किंगडम (United Kingdom)

2023 में पहले स्थान पर रहा यूके इस बार दूसरे नंबर स्थान पर है। यूके की GDP $3.34 ट्रिलियन और जनसंख्या तकरीबन 68.4 मिलियन है। यहां की प्रति व्यक्ति आय (PPP) $58,906 है। ऑक्सफोर्ड और कैंब्रिज जैसे विश्वविद्यालयों के कारण यूके हमेशा से शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है।

स्पेन (Spain)

स्पेन को इस साल तीसरा स्थान मिला है। स्पेन की GDP $1.58 ट्रिलियन और पॉपुलेशन 48.4 मिलियन के करीब है। प्रति व्यक्ति आय (PPP) $52,779 है। स्पेन की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जीवनशैली और कम लागत की शिक्षा इसे छात्रों के लिए बेहद लोकप्रिय बनाती है।

फ्रांस (France)

फ्रांस अपनी रैंकिंग को बरकरार रखते हुए चौथे स्थान पर बना हुआ है, जिसकी GDP $3.03 ट्रिलियन और जनसंख्या 68.2 मिलियन है। प्रति व्यक्ति आय (PPP) $61,157 है। फ्रांस न केवल अपने उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए जाना जाता है, बल्कि कला, संस्कृति और इतिहास का भी प्रमुख केंद्र है।

इटली (Italy)

पांंचवे नंबर के साथ इटली की GDP $2.25 ट्रिलियन और जनसंख्या 58.8 मिलियन है। प्रति व्यक्ति आय (PPP) $58,755 है। ऐतिहासिक विश्वविद्यालयों, संस्कृति, और वास्तुकला के कारण इटली उच्च शिक्षा के लिए पसंदीदा देश है।

जापान (Japan)

जापान को छठा स्थान मिला है, जिसकी GDP $4.21 ट्रिलियन और जनसंख्या 125 मिलियन है। प्रति व्यक्ति आय (PPP) $50,207 है। जापान में टेक्नोलॉजी काफी एडवांस है, पढ़ाई का माहौल भी बहुत अच्छा और अनुशासित होता है, इसलिए ये देश स्टूडेंट्स के लिए एक बढ़िया ऑप्शन बन जाता है।

ऑस्ट्रेलिया (Australia)

2023 में 11वें स्थान से इस बार ऑस्ट्रेलिया 7वें नंबर पर पहुंच गया है। इस देश की GDP $1.72 ट्रिलियन और जनसंख्या 26.6 मिलियन है। साथ ही प्रति व्यक्ति आय (PPP) $69,115 है। ऑस्ट्रेलिया का आरामदायक जीवन, प्राकृतिक सौंदर्य और मल्टिपल कल्चर वाला वातावरण इसे आकर्षक बनाता है।

ब्राजील (Brazil)

ब्राज़ील को आठवां स्थान मिला है, जिसकी GDP $2.17 ट्रिलियन और जनसंख्या 216 मिलियन है। प्रति व्यक्ति आय (PPP) $20,584 है। यहां की विविधता, संस्कृति और उभरती अर्थव्यवस्था इसे छात्रों के लिए एक खास एक्सपीरियंस देती है।

कनाडा (Canada)

9वें नंबर पर बने कनाडा की GDP $2.14 ट्रिलियन और जनसंख्या 40.1 मिलियन है। प्रति व्यक्ति आय (PPP) $61,582 है। शिक्षा प्रणाली, सुरक्षित जीवनशैली और विदेशी छात्रों के लिए अच्छी पॉलिसीज इसे सबसे पसंदीदा जगह बनाती हैं।

तुर्की (Turkey)

तुर्की ने 2023 की तुलना में सुधार करते हुए 18वें नंबर से 10वें नंबर पर छलांग लगाई है। तुर्की की GDP $1.11 ट्रिलियन और जनसंख्या 85.3 मिलियन है। वहीं इस देश की प्रति व्यक्ति आय (PPP) $44,151 है। तुर्की यूरोप और एशिया के बीच बसा हुआ है, इसलिए यहां की संस्कृति और इतिहास बहुत खास है। साथ ही यहां फीस काफी कम है, जिस वजह से भी छात्र यहां आकर पढ़ना चाहते हैं।

भारत को मिला 22वां स्थान

रैंकिंग में भारत को 22वां स्थान दिया गया है। इस रैंकिंग में भारत के नंबर को देखने पर ये पता चलता है कि युवा भारत को पढ़ाई के लिये चुन रहे हैं हालांकि अभी भी भारत का स्थान इस रैंकिंग में काफी पीछे है। हालांकि भारत में कई प्रतिष्ठित संस्थान जैसे IITs, IIMs और AIIMS हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पढ़ाई के लिहाज़ से अभी भी भारत को और अधिक सुधार की जरूरत है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। एजुकेशन (Education News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

    कुसुम भट्ट author

    टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बतौर एजुकेशन जर्नलिस्ट कार्यरत कुसुम भट्ट शिक्षा जगत से जुड़ी हर छोटी-बड़ी हलचल पर पैनी नजर रखती हैं। वे पिछले 5 सालों से...और देखें

    End of Article

    © 2025 Bennett, Coleman & Company Limited