LIVE

Aaj Ki Taza Khabar: पीएम मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम की हुई मुलाकात...Gen-Z के साथ आज नेपाल आर्मी चीफ की बैठक

Aaj Ki Taza Khabar 11 Sep 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह घटना बुधवार को उस समय हुई जब वह यूटा विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित कर रहे थे। किर्क की हत्या पर पूरे अमेरिका में शोक की लहर दौड़ गई है। किर्क की हत्या पर ट्रंप ने कहा कि 'महान, और वास्तव में दिग्गज, चार्ली किर्क अब हमारे बीच नहीं रहे। अमेरिका के युवाओं की आत्मा और दिल को चार्ली से बेहतर कोई नहीं समझता था। वह सबके प्यारे और प्रशंसनीय थे, विशेष रूप से मेरे। मैं आदेश देता हूं कि रविवार शाम 6 बजे तक पूरे संयुक्त राज्य अमेरिका में सभी अमेरिकी झंडे आधे झुकाए जाएं।' वहीं, नेपाल में बेकाबू हालात के बीच काठमांडू के मेयर बालेन शाह ने प्रदर्शनकारियों जेन-जी (Gen-Z) के नाम संदेश दिया है। बालेन ने आंदोलन की तारीफ करते हुए सुनहरे भविष्य निर्माण की बात कही है। साथ ही नए सरकार के गठन में जल्दबाजी नहीं करने की अपील की है। वहीं, दोहा में हमास के नेताओं को निशाना बनाकर किए गए इजराइल के हवाई हमलों के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कतर की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा की। मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी से बात की और दोहा में हुए हमलों पर गहरी चिंता जताई। जानिए देश और दुनिया की अहम खबरें।

Aaj Ki Taza Khabar: पीएम मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम की हुई मुलाकात...Gen-Z के साथ आज नेपाल आर्मी चीफ की बैठक

Aaj Ki Taza Khabar: पीएम मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम की हुई मुलाकात...Gen-Z के साथ आज नेपाल आर्मी चीफ की बैठक

  • डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या
  • काठमांडू के मेयर बालेन शाह का प्रदर्शनकारी Gen-Z को संदेश
  • कतर की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा करता है भारत: प्रधानमंत्री मोदी
  • देशभर में एसआईआर अभियान शुरू करने पर जल्द फैसला लेगा निर्वाचन आयोग

Sep 11, 2025 | 05:04 PM IST

अस्पताल से डिस्चार्ज हुए भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार को अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए। वह पिछले छह दिनों से मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती थे। तीन दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी उनका हालचाल जानने अस्पताल गए थे।
Sep 11, 2025 | 04:59 PM IST

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे सरकारी बंगला छोड़ेंगे

श्रीलंका की संसद द्वारा एक दिन पहले पूर्व राष्ट्रपतियों के विशेषाधिकार खत्म करने संबंधी कानून पारित करने के बाद पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे बृहस्पतिवार को अपना सरकारी बंगला छोड़ेंगे।
राजपक्षे का बंगला कोलंबो के आवासीय क्षेत्र सिनेमन गार्डन्स में स्थित है। महिंदा राजपक्षे नवंबर में 80 वर्ष के हो जाएंगे। वह 2015 से सरकारी बंगले में रह रहे हैं। राजपक्षे 2005 से 2015 तक राष्ट्रपति रहे। वह 2004 से 2005 तक और फिर 2019 से 2022 तक प्रधानमंत्री भी रहे।
Sep 11, 2025 | 03:01 PM IST

नेपाल: Gen-Z नेताओं में से एक, सूडान गुरुंग काठमांडू में मीडिया को संबोधित करते हुए भावुक हो गए और रो पड़े।

Sep 11, 2025 | 02:39 PM IST

भारत और मॉरीशस स्थानीय मुद्राओं में द्विपक्षीय व्यापार को सुविधाजनक बनाने के लिए काम करेंगे: मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ व्यापक वार्ता के बाद कहा कि भारत और मॉरीशस स्थानीय मुद्राओं में द्विपक्षीय व्यापार को सक्षम बनाने की दिशा में काम करेंगे। पीएम मोदी ने मीडिया को दिए बयान में दोनों देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत और मॉरीशस दो देश हैं, लेकिन उनके सपने और नियति एक हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि एक मुक्त, खुला, सुरक्षित, स्थिर और समृद्ध हिंद महासागर भारत और मॉरीशस दोनों की साझा प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, इस संदर्भ में भारत मॉरीशस के विशेष आर्थिक क्षेत्र की सुरक्षा और समुद्री क्षमता को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भारत हमेशा हिंद महासागर क्षेत्र में सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाले और व्यापक सुरक्षा प्रदाता के रूप में खड़ा रहा है। पीएम मोदी ने चागोस द्वीप की संप्रभुता मॉरीशस को सौंपे जाने के लिए हुए समझौते पर रामगुलाम और मॉरीशस के लोगों को बधाई दी और इसे द्वीपीय राष्ट्र की संप्रभुता की ऐतिहासिक जीत बताया। उन्होंने कहा, भारत ने हमेशा से उपनिवेशवाद के उन्मूलन और मॉरीशस की संप्रभुता की पूर्ण मान्यता का समर्थन किया है। और इस मामले में, भारत मॉरीशस के साथ मजबूती से खड़ा है। मई में, ब्रिटेन ने एक ऐतिहासिक समझौते के तहत डिएगो गार्सिया के उष्णकटिबंधीय प्रवालद्वीप सहित चागोस द्वीप समूह की संप्रभुता मॉरीशस को सौंपने का फैसला किया। ब्रिटेन 50 से अधिक वर्षों के बाद इन द्वीपों पर अपना अधिकार छोड़ रहा है। इस समझौते के तहत, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण डिएगो गार्सिया की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी ब्रिटेन की होगी। रामगुलाम वर्तमान में 9 से 16 सितंबर तक भारत की राजकीय यात्रा पर हैं। यह रामगुलाम की उनके वर्तमान कार्यकाल में भारत की पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है।
Sep 11, 2025 | 02:19 PM IST

राहुल गांधी नहीं मानते सिक्योरिटी प्रोटोकॉल, बिना बताए चले जाते हैं विदेश, CRPF ने लिखा पत्र

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की सुरक्षा चूक को लेकर CRPF के डीजी सिक्योरिटी ने पत्र लिखा है। सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि CRPF के वीवीआईपी सिक्योरिटी के प्रमुख सुनील जून ने राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी दोनों को पत्र लिखा है। 10 सितंबर को पत्र लिखकर CRPF अधिकारी ने राहुल गांधी पर सिक्योरिटी प्रोटोकॉल नहीं मानने का आरोप लगाया है। पत्र में CRPF वीवीआईपी सुरक्षा प्रमुख ने राहुल गांधी के रवैए की शिकायत की है। सुनील जून ने आरोप लगाया है राहुल गांधी अपनी सिक्योरिटी को लेकर गंभीरता नहीं बरत रहे। राहुल गांधी Z+ ASL सुरक्षा कैटिगरी के प्रोटेक्शन में आते हैं लेकिन उसके कायदे कानून का उल्लंघन करते हैं। CRPF सिक्योरिटी के येलो बुक (yellow book) प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर बिना बताए विदेश यात्रा पर जाने की शिकायत भी की गई है।
Sep 11, 2025 | 01:43 PM IST

केरल में दुर्लभ मस्तिष्क संक्रमण से मौत का छठा मामला

दुर्लभ और घातक मस्तिष्क संक्रमण ‘अमीबिक मेनिन्जोएन्सेफलाइटिस’ से केरल में मौतों का सिलसिला जारी है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में एक मरीज की मौत के साथ राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। मलप्पुरम ज़िले के चेलांब्रा निवासी 47 वर्षीय शाजी को नौ अगस्त को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उनकी हालत गंभीर हो गई थी और गुरुवार तड़के उनका निधन हो गया। शव को आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शाजी इस संक्रमण की चपेट में कैसे आए। यह रोग आम तौर पर दूषित जल में पाए जाने वाले अमीबा के कारण होता है। फिलहाल कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में इस संक्रमण से ग्रस्त 10 मरीजों का उपचार हो रहा है। इससे पहले सोमवार को मलप्पुरम ज़िले के वंदूर क्षेत्र की 54 वर्षीय महिला की भी इसी बीमारी से मृत्यु हो गई थी।
Sep 11, 2025 | 01:22 PM IST

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। नक्सलियों ने बुधवार शाम यहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुड़िया ने बताया कि नक्सलियों ने खोखली माओवादी विचारधारा, निर्दोष आदिवासियों पर हो रहे अत्याचारों और प्रतिबंधित संगठन में बढ़ते आंतरिक मतभेदों को लेकर निराशा व्यक्त की। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी 16 नक्सली निचले स्तर के कैडर हैं, जो जनताना सरकार, चेतना नाट्य मंडली और माओवादी पंचायत मिलिशिया की विभिन्न इकाइयों से जुड़े थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये लोग सशस्त्र माओवादी समूहों को राशन, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान बिना किसी भुगतान के पहुंचाने में सक्रिय रूप से संलिप्त थे। इसके अलावा, ये हथियार और विस्फोटक सामग्री ले जाने, आईईडी (संवर्धित विस्फोटक उपकरण) लगाने, सुरक्षा बलों की गतिविधियों की सूचना जुटाने और रेकी (निगरानी) करने में भी सहयोग करते थे।
Sep 11, 2025 | 12:20 PM IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी पहुंचे

मॉरीशस के प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी पहुंचे; उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
Sep 11, 2025 | 11:15 AM IST

नेपाल मुद्दे पर कमेंट ना करें मंत्री, सांसद और पार्टी पदाधिकारी, बीजेपी ने दिया निर्देश

नेपाल की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी पदाधिकारियों, मंत्रियों, प्रवक्ताओं और सांसदों को निर्देश जारी किए हैं। पार्टी ने नेपाल मुद्दे पर इन्हें बोलने से परहेज करने का निर्देश दिया है। साथ ही निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे पर कमेंट ना किया जाए। नेपाल की स्थिति पर भारत की लगातार नजर बनी हुई है और इस संबंध में उसने नपी-तुली प्रतिक्रिया दी है। इस समय नेपाल में कई भारतीय भी फंसे हुए हैं जो हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।
Sep 11, 2025 | 10:33 AM IST

ईडी ने 650 करोड़ रुपये के फर्जी आईटीसी मामले में कई राज्यों में छापेमारी की

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 650 करोड़ रुपये के कथित फर्जी जीएसटी ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ से जुड़े धन शोधन मामले में गुरुवार को कई राज्यों में छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार ईडी के गुवाहाटी कार्यालय द्वारा अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, तमिलनाडु और तेलंगाना में कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम के तहत की जा रही है।
Sep 11, 2025 | 09:47 AM IST

कोलोराडो हाई स्कूल में अपने दो साथियों को गोली मारकर खुद को भी गोली से उड़ाया

अमेरिका में एक और स्कूल में गोलीबारी की घटना हुई है। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को डेनवर के एक उपनगरीय हाई स्कूल में एक छात्र ने अपने दो साथियों को गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। रॉकी हिल्स की तलहटी में डेनवर से लगभग 30 मील पश्चिम में कोलोराडो के एवरग्रीन स्थित एवरग्रीन हाई स्कूल में दोपहर लगभग 12:30 बजे हैंडगन से गोलीबारी की खबर मिली। जेफरसन काउंटी शेरिफ कार्यालय की प्रवक्ता जैकी केली ने बताया कि स्कूल की इमारत के अंदर और बाहर दोनों जगह गोलियां चलाई गईं और कार्रवाई करने वाले कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने पहुंचने के पांच मिनट के भीतर ही हमलावर को पकड़ लिया। केली ने बताया कि गोलीबारी का जवाब देने वाले किसी भी अधिकारी ने कोई गोली नहीं चलाई। आसपास के इलाके से 100 से ज़्यादा पुलिस अधिकारी मदद के लिए स्कूल पहुंचे। जेफरसन काउंटी के कोलंबाइन हाई स्कूल में 1999 में हुई एक स्कूल गोलीबारी में 14 लोग मारे गए थे, जिनमें एक महिला भी शामिल थी।
Sep 11, 2025 | 09:24 AM IST

सिंगापुर जाने वाले एयर इंडिया के विमान से यात्रियों को दिल्ली हवाई अड्डे पर नीचे उतारा गया

सिंगापुर जाने वाली एअर इंडिया की एक उड़ान में सवार 200 से अधिक यात्रियों को दिल्ली हवाई अड्डे पर उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा, जब एयर कंडीशनिंग प्रणाली में खराबी आ गई और लगभग दो घंटे तक विमान में बैठे रहने के बाद उन सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया गया। बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान से संचालित उड़ान संख्या एआई2380 को बुधवार रात लगभग 11 बजे दिल्ली हवाई अड्डे से उड़ान भरनी थी, लेकिन इसमें देरी हो गई। विमान में मौजूद पीटीआई के एक पत्रकार के अनुसार, विमान की एयर कंडीशनिंग प्रणाली और बिजली आपूर्ति खराब थी। उन्होंने बताया कि लगभग दो घंटे विमान में बैठे रहने के बाद सभी यात्रियों को उतारकर टर्मिनल भवन ले जाया गया। उन्होंने बताया कि चालक दल ने 200 से अधिक यात्रियों को विमान से उतारने के फैसले की कोई खास वजह नहीं बतायी। अभी एयर इंडिया ने इस पर कोई बयान नहीं दिया है।
Sep 11, 2025 | 09:12 AM IST

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने अब तक 5 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने अब तक 5 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और सेंट्रल एजेंसियों ने ISIS मॉड्यूल को लेकर दिल्ली, मुंबई, मध्य प्रदेश, हैदराबाद और झारखंड में छापेमारी की है। दिल्ली से आफताब और सूफियान और रांची से दानिश को गिरफ्तार किया गया है। आफताब और सूफियान मुंबई के रहने वाले हैं। मुंबई में इनके ठिकानों पर भी स्पेशल सेल ने रेड की है और दोनों से हथियार और IED बनाने का सामान बरामद हुआ है। दानिश के ठिकाने से केमिकल IED बनाने का सामान बरामद
किया गया है। ये मॉड्यूल बड़े आतंकी हमले की साजिश को अंजाम देने की फिराक में था।
Sep 11, 2025 | 08:44 AM IST

भारतीय सेना ने अपने नेपाली गोरखा सैनिकों की छुट्टियां बढ़ाईं, नेपाल जानेवाले सैनिकों की छुट्टियां कैंसिल

नेपाल के हालात को देखते हुए भारतीय सेना ने अपने नेपाली गोरखा सैनिकों की छुट्टियां बढ़ा दी हैं, अन्य नेपाल जानेवाले सैनिकों की छुट्टियां कैंसिल की गई हैं। फिलहाल सेना के सभी नेपाली सैनिक सुरक्षित हैं और उनके संपर्क में लगातार बना हुआ है। गोरखा रेजिमेंट के जितने भी सैनिक नेपाल छुट्टी के लिए गए थे, उनसे प्रतिदिन यूनिट कमांडर संपर्क में है। अन्य नेपाल मूल के गोरखा सैनिक जिन्हें छुट्टियों पर जाना था, उसे फिलहाल रद्द कर दिया गया है। नेपाल में हालात सामान्य होने तक नेपाली मूल के गोरखा की छुट्टियां स्थगित रहेंगी।
Sep 11, 2025 | 08:42 AM IST

मेक्सिको सिटी में गैस टैंकर में भीषण विस्फोट से तीन लोगों की मौत, 70 घायल

मेक्सिको सिटी के एक प्रमुख राजमार्ग पर गैस टैंकर में हुए भीषण विस्फोट के कारण तीन लोगों की मौत हो गई और 70 अन्य घायल हो गए। मेक्सिको सिटी की मेयर ने बुधवार देर रात यह जानकारी दी। यह विस्फोट मेक्सिको की राजधानी से प्यूब्ला शहर की ओर जाने वाले एक अहम राजमार्ग पर हुआ। सरकार का कहना है कि अगली सूचना तक के लिए इस सड़क को बंद कर दिया गया है। मेयर क्लारा ब्रुगाडा विस्फोट के तुरंत बाद दमकलकर्मियों और चिकित्सकों सहित बचाव दल के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने राजमार्ग के पुल के नीचे हुए विस्फोट को आपात स्थिति बताया जिसमें 18 वाहन जलकर खाक हो गए। उन्होंने बताया कि घायल हुए 70 लोगों में से 19 की हालत गंभीर है। घायलों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। ब्रुगाडा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है, लेकिन ऐसा लगता है कि ट्रक के पलटने के बाद उसमें विस्फोट हुआ।
Sep 11, 2025 | 08:41 AM IST

आज नेपाल में Gen-Z की आर्मी चीफ के साथ अहम बैठक

आज एक बार फिर नेपाल में Gen-Z की एक महत्वपूर्ण बैठक आर्मी चीफ के साथ होगी। आज आर्मी चीफ अशोक राज सिंगडेल की Gen-Z के 15 सदस्यों को बैठक होने वाली है।
आज की बैठक में अंतरिम सरकार का गठन को लेकर चर्चा होगी। Gen-Z के कुछ सदस्यों ने सुशीला कार्की के नाम पर सहमति जताई थी, लेकिन पूर्ण सहमति नही बन पाई है। आर्मी चीफ ने एक नाम पर सहमति बनाने के लिए आज Gen-Z के प्रमुख 15 सदस्यों को बुलाया है।
Sep 11, 2025 | 08:04 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। वह आज शाम 4 बजे विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एमआई 17 हेलिकॉप्टर से पीएम मोदी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। पूरा जौलीग्रांट एयरपोर्ट छावनी में तब्दील कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों का कड़ा पहरा है। पीएम हवाई सर्वेक्षण के बाद एयरपोर्ट पर ही अधिकारियों के साथ हाई लेवल बैठक करेंगे। आपदाओं के कारण उत्तराखंड सरकार ने केंद्र से 5702 करोड़ रुपये की राहत राशि मांगी है। शाम सात बजे पीएम मोदी देहरादून से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
Sep 11, 2025 | 07:53 AM IST

नरेंद्र मोदी ने RSS प्रमुख मोहन भागवत को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने RSS प्रमुख मोहन भागवत को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भागवत के राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की। मोदी ने भागवत के परिवार के साथ अपने गहरे संबंधों को भी याद किया। पीएम मोदी ने लिखा- आज एक ऐसे व्यक्तित्व का 75वां जन्मदिवस है जिन्होंने वसुधैव कुटुंबकम के मंत्र पर चलते हुए समाज को संगठित करने, समता-समरसता और बंधुत्व की भावना को सशक्त करने में अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। संघ परिवार में जिन्हें परम पूजनीय सरसंघचालक के रूप में श्रद्धाभाव से संबोधित किया जाता है, ऐसे आदरणीय मोहन भागवत जी का आज जन्मदिन है।
Sep 11, 2025 | 07:42 AM IST

कतर की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा करता है भारत: प्रधानमंत्री मोदी

दोहा में हमास के नेताओं को निशाना बनाकर किए गए इजराइल के हवाई हमलों के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कतर की संप्रभुता के उल्लंघन की बुधवार को निंदा की। मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी से बात की और दोहा में हुए हमलों पर गहरी चिंता जतायी। भारत बंधुत्वपूर्ण देश कतर की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा करता है। उन्होंने कहा, हम मुद्दों के बातचीत और कूटनीति के माध्यम से समाधान तथा तनाव को बढ़ने से रोकने का समर्थन करते हैं। भारत क्षेत्र में शांति और स्थिरता के समर्थन में तथा सभी तरह के आतंकवाद के विरुद्ध दृढ़ता से खड़ा है। हमले के बाद, हमास ने कहा कि इजराइली हवाई हमले में उसके पांच सदस्य मारे गए। हालांकि, उसने यह भी कहा कि उसके नेताओं की हत्या का इजराइल का प्रयास विफल रहा।
Sep 11, 2025 | 07:42 AM IST

बालेन शाह ने संदेश में क्या-क्या कहा

बालेन शाह ने ट्वीट किया, प्रिय जेन-जी (Gen-Z ) और सभी नेपालियों से मेरा अनुरोध है: देश इस समय एक अभूतपूर्व स्थिति से गुजर रहा है। आप अब एक सुनहरे भविष्य की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। कृपया इस समय घबराएं नहीं; धैर्य रखें। अब देश को एक अंतरिम सरकार मिलने वाली है, जो देश में नए चुनाव कराएगी। इस अंतरिम सरकार का काम चुनाव कराना और देश को एक नया जनादेश देना है। मैं पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को इस अंतरिम/चुनावी सरकार का नेतृत्व सौंपने के आपके प्रस्ताव का पूर्ण समर्थन करता हूं। मैं आपकी समझ, बुद्धिमत्ता और एकता का तहे दिल से सम्मान करता हूं। इससे पता चलता है कि आप कितने परिपक्व हैं। मैं अपने उन दोस्तों से, जो इस समय नेतृत्व संभालने की जल्दी में हैं, यही कहना चाहता हूं कि देश को आपके जुनून, आपकी सोच और आपकी ईमानदारी की स्थायी रूप से जरूरत है, अस्थायी रूप से नहीं। इसके लिए चुनाव होंगे। कृपया जल्दबाजी न करें। माननीय राष्ट्रपति जी, जेन-जी द्वारा लाई गई ऐतिहासिक क्रांति की रक्षा के लिए, एक अंतरिम सरकार का गठन किया जाना चाहिए और संसद को अविलंब भंग किया जाना चाहिए।
Sep 11, 2025 | 07:41 AM IST

बालेन शाह का Gen-Z को संदेश

नेपाल में हिंसा और प्रदर्शन के बीच काठमांडू के मेयर बालेन शाह ने प्रदर्शनकारियों जेन-जी (Gen-Z) के आंदोलन की तारीफ करते हुए सुनहरे भविष्य निर्माण की बात कही है। साथ ही नए सरकार के गठन में जल्दबाजी नहीं करने की अपील की है। बालेन शाह ने कहा कि संसद को अविलंब भंग किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने अंतरिम सरकार के प्रमुख के लिए पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की के नाम का भी समर्थन किया।
Sep 11, 2025 | 07:41 AM IST

आधा झुका रहेगा अमेरिकी ध्वज

किर्क की हत्या पर ट्रंप ने कहा कि 'महान, और वास्तव में दिग्गज, चार्ली किर्क अब हमारे बीच नहीं रहे। अमेरिका के युवाओं की आत्मा और दिल को चार्ली से बेहतर कोई नहीं समझता था। वह सबके प्यारे और प्रशंसनीय थे, विशेष रूप से मेरे। अब वह हमारे बीच नहीं हैं। मेलानिया और मेरी संवेदनाएं। हम उनकी पत्नी एरिका और उनके परिवार के साथ हैं। चार्ली, हम तुमसे प्यार करते हैं! चार्ली किर्क के सम्मान में, जो एक सच्चे महान अमेरिकी देशभक्त थे, मैं आदेश देता हूं कि रविवार शाम 6 बजे तक पूरे संयुक्त राज्य अमेरिका में सभी अमेरिकी झंडे आधे झुकाए जाएं।'
Sep 11, 2025 | 07:41 AM IST

डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह घटना बुधवार को उस समय हुई जब वह यूटा विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित कर रहे थे। किर्क की हत्या पर पूरे अमेरिका में शोक की लहर दौड़ गई है। इस हत्या से लोग काफी दुखी हैं और उन्होंने राजनीति से प्रेरित हिंसा पर रोक लगाने की मांग की है। किर्क एक मुखर दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट थे और अमेरिका में दक्षिणपंथी राजनीति करने वाले नेताओं में वह एक प्रमुख चेहरा थे। गोली चलाने के आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited