लाइफस्टाइल

Poem on Teachers: 'गुरु आपकी ये अमृतवाणी, हमेशा मुझको याद रहे..', पढ़े शिक्षक पर कविताएं, यहां देखें टीचर पर कविता हिंदी में

Poem on Teachers in Hindi (टीचर पर कविता ): हर साल 5 सितंबर को शिक्षक दिवस यानि कि टीचर्स डे (Teacher's Day 2025) मनाया जाता है। यह खास दिन दुनिया भर के उन शिक्षकों को समर्पित है जो ना सिर्फ बच्चों को किताबी ज्ञान देते हैं बल्कि उन्हें समाज में एक बेहतर और सफल इंसान बनने में भी मदद करते हैं। टीचर्स हमें सिखाते हैं कि मुश्किलों का सामना कैसे करना है, गलतियों से कैसे सीखना है और सपनों को हकीकत में कैसे बदलना है।
Teacher Poem in Hindi

टीचर्स पर कविताएं हिंदी में (Photo: Freepik)

Poem on Teachers in Hindi: सिर्फ किताबों के ज्ञान को हमसे साझा करने वाला इंसान शिक्षक नहीं कहलाता। यह एक शब्द तो अपने आप में कई अर्थों को समेटे हुए है। टीचर का रोल किसी गाइड, दोस्त और प्रेरणा देने वाले साथी की तरह होता है। वे हमें यह सिखाते हैं कि ज़िंदगी में सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार और सही दिशा भी कितनी जरूरी है। शिक्षकों के लिए जितना कहा या लिखा जाए उतना कम है। शिक्षकों के योगदान को शब्दों में नहीं बांधा जा सकता है। हालांकि कई कलमकारों ने शिक्षकों को अपने शब्दों में संवारा है। आइए पढ़ते हैं टीचर्स पर कविता हिंदी में:

Teacher par Kavita

1.गुरु की महिमा निशि-दिन गाएं,

हर दम उनको शीश नवाएं।

जीवन में उजियारा भर लें,

अंधकार को मार भगाएं।

सत्य मार्ग पर चलना बच्चों,

गुरुदेव हमको सिखलाएं।

पर्यावरण बिगड़ न पाए,

धरती पर हम वृक्ष लगाएं।

पानी अमृत है धरती का,

बूंद-बूंद हम रोज बचाएं।

सिर्फ जिएं न अपनी खातिर,

काम दूसरों के भी आएं।

मात, पिता, गुरु, राष्ट्र की सेवा,

यह संकल्प सदा दोहराएं।

बातें मानें गुरुदेव की,

अपना जीवन सफल बनाएं।

- घनश्याम मैथिल

famous poems about Teachers

2. गुरु आपकी ये अमृत वाणी

हमेशा मुझको याद रहे

जो अच्छा है जो बुरा है

उसकी हम पहचान करें

मार्ग मिले चाहे जैसा भी

उसका हम सम्मान करें

दीप जले या अंगारे हों

पाठ तुम्हारा याद रहे

अच्छाई और बुराई का

जब भी हम चुनाव करें

गुरु आपकी ये अमृत वाणी

हमेशा मुझको याद रहे

- सुजाता मिश्रा

Short Poem for Teacher

3. ज्ञान की बातें जो सिखलाता,

गुरु हमारा वह कहलाता।

ज्ञान दीप की ज्योति देकर,

अंधकार को दूर भगाता।

संस्कार सिखलाए गुरु जी,

बड़ो का मान बतलाए गुरुजी।

अनुशासन भी वो सिखलाते,

त्याग समर्पण वह बतलाते।

सबको ज्ञान बांटते जाते,

अपना ज्ञान बढ़ाते जाते।

उनकी ताकत होती कलम,

कलम नहीं किसी से कम।

विद्यालय है घर जैसा,

हम सब उनके बच्चे जैसे।

एक साथ रहना बतलाए,

सबसे स्नेह करना सिखलाए।

उनके चरण कमल को मैं,

सत-सत नमन करती जाऊं।

ज्ञान दीप की ज्योति लेकर,

उनका मैं गौरव बन जाऊं।

- धारणी सोनवानी

4. जो हैं अटके, भूले-भटके,

उनको राह दिखाएंगे।

ज्ञान-विज्ञान संस्कार सिखा,

शिक्षा जोत जलाएंगे।

शिक्षक हैं हम,

शिक्षा की ज्योति जलाएंगे।

देश-धर्म और जात-पात से,

हम ऊपर उठ जाएंगे।

समता का नवगीत रचेंगे,

ज्ञान का अलख जगाएंगे।

शिक्षक हैं हम,

शिक्षा की ज्योति जलाएंगे।

छूट गए जो अंधियारे में,

अब अलग नहीं रह पाएंगे।

शिक्षा के अमर उजाले में,

उनको भी हम लाएंगे।

शिक्षक हैं हम,

शिक्षा की ज्योति जलाएंगे।

खेल-खेल में पढ़ना होगा,

ढंग नए अपनाएंगे।

महक उठेगा सबका जीवन,

सब बच्चे मुस्काएंगे।

शिक्षक हैं हम,

शिक्षा की ज्योति जलाएंगे।

- अज्ञात

5. अज्ञान को ज्ञान की ज्योति दिखा कर,

अंधेरो को रौशनी का रास्ता दिखा कर।

ये गुरु है जो ज्ञान की किरणें फैला कर,

शिष्यों का भविष्य उज्जवल बनाते हैं।

सफलता के राह पर चलना सिखाकर,

हमें कामयाबियों के शिखर पर पहुंचाते है।

जीवन को जीने की दिशा दे कर,

हम सबको गुरु ही सफल बनाता है।

उम्मीद करते हैं कि टीचर्स पर ये पोयम्स आपको पसंद आई होंगी। अगर आप भी अपने किसी टीचर को कोई कविता गिफ्ट करना चाहते हैं तो आप इनकी मदद ले सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। लाइफस्टाइल (Lifestyle News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Suneet Singh author

सुनीत सिंह टाइम्स नाऊ नवभारत डिजिटल में बतौर डिप्टी न्यूज़ एडिटर कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 साल का अनुभव है। न्यूज़रूम में डेस्क पर...और देखें

End of Article

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited