भोपाल

Bhind: बिना हेलमेट पेट्रोल देने से किया मना, तो पंप संचालक पर चला दी गोली; आरोपियों की पहचान जारी

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' नियम को लेकर विवाद के बाद पेट्रोल पंप पर तीन युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
bhind petrol pump firing

CCTV में कैद हुए आरोपी

Bhind News: मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक अजीबोगरीब गोलीबारी की घटना हुई, यहां कुछ लोगों ने पेट्रोल पंप मालिक को कथित तौर पर इसलिए गोली मार दी कि उसने हेलमेट न होने पर फ्यूल देने से मना कर दिया था। इस गोलीकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल, घटना के बाद बरोही थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

जानकारी सामने आई कि बरोही थाना क्षेत्र में स्थित सावित्री लोधी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पेट्रोल न देने को लेकर विवाद हुआ था। असल में भिंड जिले के कलेक्टर की ओर से यह आदेश था कि वाहन चालक के पास हेलमेट न होने पर पेट्रोल न दिया जाए। इसी कारण से बिना हेलमेट पहने पेट्रोल देने से पंप कर्मचारियों ने मना कर दिया।इसके बाद बाइक सवार कुछ युवक इसको लेकर पेट्रोल पंप कर्मचारियों से भिड़ गए। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद युवक पेट्रोल पंप से चले गए, लेकिन आधे घंटे बाद वे हथियारों से लैस होकर वापस लौटे और पेट्रोल पंप पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसी बीच, पेट्रोल पंप संचालक तेज नारायण सिंह को दाहिने हाथ में गोली लग गई। घायल अवस्था में तेज नारायण को अस्पताल ले जाया गया।

बरोही थाना के एएसआई बाबू सिंह जादौन ने कहा कि पेट्रोल पंप पर फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पेट्रोल पंप के मालिक को गोली लगी है, जिसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि तीन अज्ञात लोगों ने पेट्रोल पंप पर फायरिंग की थी। अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। सीसीटीवी खंगाला जा रहा है। मामले की छानबीन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें जुटी हैं।

इनपुट-आईएएनएस

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। भोपाल (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

    Nishant Tiwari author

    निशांत तिवारी टाइम्स नाऊ नवभारत डिजिटल में सिटी डेस्क से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में शुरुआती पड़ाव पर हैं, लेकिन समाजशास्त्रीय दृष्टिकोण ...और देखें

    End of Article

    © 2025 Bennett, Coleman & Company Limited