Kal Ka Mausam, 05 सितंबर 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तेज मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान जारी किया है। 5 सितंबर को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार तक तेज हवाओं के साथ काले बादल छाए रहेंगे और अधिकांश भागों में आकाशीय बिजली गिरने समेत मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जाएगी। खासकर, पहाड़ी इलाकों में बादल फटने और लैंडस्लाइड जैसी घटनाएं होने की संभावना है। लिहाजा, हिल्स एरिया में सावधान और सतर्क रहने की जरूरत रहेगी। कमोबेश ऐसा ही मौसम दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों के कुछ हिस्सों में देखा जा सकता है।
कल का मौसम कैसा रहेगा 05 सितंबर 2025: बादलों के तांडव से देशभर के विभिन्न राज्य त्रस्त हैं। जुलाई, अगस्त के बाद सितंबर के महीने की शुरुआत से ही इंद्रदेव ने आंखें तरेर ली हैं और कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मूसलाधार बारिश दर्ज की जा रही है। अत्यधिक बारिश के कारण तराई के इलाके बाढ़ से त्राहिमाम कर रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी इलाकों तक तेज मानसूनी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान जताया है। 4, 5, 6 और 7 सितंबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में बादल फटने जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान अचानक बाढ़ और भूस्खलन जैसी समस्याएं परेशान कर सकती हैं। लिहाजा, हिल्स एरिया में लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। शुक्रवार को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकांश भाग भारी वर्षा से तरबतर रहेंगे। कहीं-कहीं आंधी के साथ ओले और आकाशीय बिजली गिरने के साथ बाढ़ का खतरा बना रहेगा। उधर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र और गुजरात में भी तेज मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। इसके अलावा, पूर्वोत्तर के मेघालय, त्रिपुरा, ओडिशा, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, गंगीय पश्चिम बंगाल के साथ दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्ष्यद्वीप में तेज बारिश की संभावना है।
कल का मौसम
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही लगी है। पिछले कई दिनों से झमाझम बारिश दर्ज की जा रही है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। कई इलाकों में भारी बारिश के कारण जलभराव जैसी समस्याएं देखी जा रही हैं। हरियाणा की ओर से छोड़े गए पानी की वजह से दिल्ली के तराई इलाकों में पानी भर गया है। मेट्रो स्टेशनों तक पानी पहुंच गया है। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार से लेकर शुक्रवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश होगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इधर, दो दिन से खराब मौसम के दौरान हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसमी गतिविधियां तेज हैं। मौसम विभाग ने 4 से 7 सितंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश और काले बादल छाए रहने की संभावना जताई है। ये अलग-अलग हिस्सों में 9 सितंबर तक सामान्य से मध्यम बारिश होने की चेतावनी है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से उमस भी परेशान कर रही है। आईएमडी ने बुंदेलखंड के चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, जालौन, और महोबा में तेज बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, नोएडा, बागपत, सहारनपुर, मेरठ, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, हापुड़, संभल, बदायूं, एटा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, बिजनौर, मथुरा, औरैया, इटावा, इटावा और कानपुर समेत कई जिलों में आंधी के साथ झमाझम बारिश का अलर्ट घोषित है। इस दौरान वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। लिहाजा, खराब मौसम के सुरक्षित स्थानों पर रहने की आवश्यकता है। कुछ मिलाकर इस पूरे महीने मानसून सक्रिय रहेगा।
बिहार का मौसम कैसा रहेगा?
बिहार में इस पूरे महीने मानसून एक्टिव रह सकता है। 5 सितंबर को राज्य के अधिकांश भागों में बादलों के गरजने चमकने के साथ भारी वर्षा का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, पटना, दरभंगा, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, समस्तीपुर, बेगूसराय, वैशाली, सहरसा, मधेपुरा और सुपौल में ठनका (आकाशीय बिजली) गिरने के साथ तेज हवाएं चलने और झमाझम बारिश का अनुमान है। अत्यधिक बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ा रहेगा। कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थितियां बनी रहेंगी।
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा
राजस्थान के अनेक हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का दौर अभी कुछ दिन जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग का मानना है कि शुक्रवार को भी राज्य में अनेक जगह अति भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी की मानें तो बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, सलूंबर एवं उदयपुर जिलों में अति भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी है। इसके अलावा सिरोही, नागौर, पाली और टोंक समेत दर्जन भर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। अगले तीन से चार दिन कोटा, उदयपुर,जयपुर,जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर और अजमेर संभागों के कुछ भागों में मध्यम से भारी एवं कहीं-कहीं अति भारी बारिश हो सकती है। संभागों के कुछ भागों में माध्यम से कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
पंजाब में कैसा रहेगा मौसम
पंजाब में भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति और गंभीर होती जा रही है। भीषण जल सैलाब से 23 जिलों में 1.75 लाख हेक्टेयर भूमि पर लगी फसलें नष्ट हो गईं। मौसम विभाग ने भारी बारिश के बाद रूपनगर और पटियाला जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया गया है, जबकि सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय सात सितंबर तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। हिमालय से निकलने वाली सतलुज, व्यास और रावी नदियां तथा छोटी नदियां पहले से ही उफान पर हैं, जिससे शहर, गांव जलमग्न हो गए हैं और सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के मद्देनजर राजपुरा उप-मंडल में घग्गर नदी के निकटवर्ती गांवों के लिए अलर्ट जारी किया है। अंबाला में टांगरी नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है और अंबाला तथा काला अंब में भारी बारिश के बाद पटियाला में भी इसके बढ़ने की आशंका है।
शहर का नाम
न्यूनतम तापमान
अधिकतम तापमान
जम्मू-कश्मीर
11°C
17°C
शिमला
17°C
20°C
उत्तराखंड
14°C
19°C
दिल्ली
26°C
32 °C
मुंबई
26°C
28°C
जयपुर
26°C
31°C
भोपाल
23°C
28°C
लखनऊ
27°C
32°C
पटना
28°C
33 °C
हैदराबाद
22°C
29°C
चेन्नई
28°C
34°C
जम्मू कश्मीर में बारिश
जम्मू-श्रीनगर में भी तेज मौसमी गतिविधियां जारी हैं। कई सड़कों को बारिश के कारण भूस्खलन होने पर बंद कर दिया गया है, जिससे कश्मीर घाटी का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क टूट गया है। जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग, मुगल रोड और सिंथन रोड कई स्थानों पर भूस्खलन, मिट्टी धंसने और पत्थर गिरने के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश मानसूनी बादलों का कहर जारी है। कुल्लू जिले में भारी बारिश के बाद भूस्खलन हो गया, जिसके मलबे में दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। कुल्लू में पिछले तीन-चार दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है और लगातार बारिश के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है। खराब मौसम के मद्देनजर राज्य में सभी सरकारी और निजी कॉलेज, स्कूल, आंगनवाड़ी और कोचिंग सेंटर सात सितंबर तक बंद रहेंगे। मौसम विभाग ने पुर , करसोग, कसौली, नैना देवी, भुंतर बिलासपुर, मंडी, कुल्लू ,शिमला, चंबा और सिरमौर जिले में शुक्रवार एवं शनिवार भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शिमला-कालका रेल लाइन पर भूस्खलन के बाद इस पर चलने वाली रेलगाड़ियां शुक्रवार तक रद्द कर दी गई हैं। आईएमडी ने बादल फटने की संभावना जताई है। लिहाजा, सतर्क रहने की जरूरत है।
उत्तराखंड का मौसम हाल
उत्तराखंड में बादल फटने और लैंडस्लाइड से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। नैनीताल जिले में बारिश के कारण नदियां उफान हैं। प्रदेश में भूस्खलन के कारण हाइवे समेत अनेक सड़कें अवरूद्ध हैं। चमोली, उत्तरकाशी जिले में भारी बारिश से लैंडस्लाइड की समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचटटी में यमुना नदी पर बनी झील से जलनिकासी बढ़ाने के लिए मलबा हटाने के काम में गढ़गाड़ बरसाती नाले से लगातार मलबा आने तथा वर्षा होने से बाधा आ रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 7 सितंबर तक राज्य के विभिन्न जिलों देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, उत्तरकाशी और नैनीताल समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बादल फटने जैसी समस्याएं हो सकती हैं, लिहाजा लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खराब मौसम और सड़कों के अवरूद्ध होने के चलते फिलहाल हेमकुंड साहिब और चार धाम—बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा पर पांच सितंबर तक रोक लगी है।