दुनिया

बाज नहीं आ रहे पीटर नवारो, फिर निकाली भारत पर भड़ास, चीन और ब्रिक्स को भी लिया लपेटे में

नवारो ने रूस से तेल खरीद के तथ्यों का सामना करने के बजाय, भारतीयों पर उनके द्वारा एक्स पर पोस्ट किए गए एक सर्वेक्षण के नतीजों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया।
Peter Navarro AP1

पीटर नवारो ने फिर निकाली भड़ास (AP)

Peter Navarro: व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार और डोनाल्ड ट्रंप के करीबी पीटर नवारो ने एक बार फिर टैरिफ को लेकर भारत पर निशाना साधा है। रूस के साथ भारत के तेल व्यापार पर कई दिनों तक तीखी आलोचना करने के बाद नवारो ने अब ब्रिक्स समूह के उन देशों पर भी निशाना साधा है, जिनका भारत भी हिस्सा है। वहीं, एक टीवी बातचीत में पीटर नवारो ने संदेह जताया कि इन देशों के बीच गठबंधन लंबे समय तक चलेगा या नहीं, और जोर देकर कहा कि इनमें से कोई भी अमेरिका में उत्पाद बेचे बिना नहीं टिक पाएगा।

भारत की आबादी दुनिया में सबसे ज्यादा...

नवारो ने रूस से तेल खरीद के तथ्यों का सामना करने के बजाय, भारतीयों पर उनके द्वारा एक्स पर पोस्ट किए गए एक सर्वेक्षण के नतीजों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने एक्स पर लिखा, भारत की आबादी दुनिया में सबसे ज्यादा है और वह बस कुछ लाख एक्स प्रचारकों को एक सर्वेक्षण में उलझाने के लिए उकसा सकता है? बहुत मजेदार है। अमेरिका: देखो कैसे विदेशी हित अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए हमारे सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं।

नवारो की यह प्रतिक्रिया एक्स की कंटेंट मॉडरेशन नीतियों को लेकर आई है, जिन पर उन्होंने पहले भी सवाल उठाए थे। उन्होंने उयूजर्स की राय जानने के लिए एक सर्वेक्षण शुरू किया था। अपनी पिछली पोस्ट पर सुधारे जाने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ उनका झगड़ा और बढ़ गया था। उन्होंने एक्स पर लिखा- भारतीय विशेष हितधारक भारत द्वारा रूसी तेल खरीदने के बारे में झूठ बोलकर घरेलू संवाद में हस्तक्षेप करने की कोशिश कर रहे हैं। क्या एक्स को इस बकवास को विभिन्न नजरिए की टिप्पणियों के रूप में प्रस्तुत करना चाहिए?

एक्स और मस्क पर भड़के नवारो

इस लेख के लिखे जाने तक सर्वेक्षण में 56,175 मतों में से 75% ने हां में सहमति जताई की, 17% ने ना में सहमति व्यक्त की, जबकि 7% ने 'हेलो नहीं। यह गलत है' पर सहमति जताई। इससे पहले, शनिवार को भारत द्वारा रूसी तेल खरीद से संबंधित गलत सूचना फैलाने पर सुधारे जाने के बाद नवारो भड़क गए थे। एक्स पर कम्युनिटी नोट को बकवास बताते हुए नवारो ने आरोप लगाया कि एलन मस्क दुष्प्रचार" की अनुमति दे रहे हैं और भारत द्वारा केवल लाभ कमाने के लिए रूसी तेल खरीदने के अपने आरोपों को दोहराया।

उनकी प्रतिक्रिया एक पुराने पोस्ट पर आई थी जिसमें उन्होंने अपनी हालिया टिप्पणियों में भारत पर रूसी तेल से मुनाफाखोरी करने का आरोप लगाया था, साथ ही यह भी आरोप लगाया था कि भारत के टैरिफ से अमेरिकियों की नौकरियां जा रही हैं। नवारो ने हाल के दिनों में बार-बार भारत पर व्यंग्य कसा है। भारत को क्रेमलिन की लॉन्ड्रोमैट कहने से लेकर, "ब्राह्मण रूस में संघर्ष से मुनाफा कमा रहे हैं" जैसे सबसे घटिया कमेंट तक किए। (ANI)

नवारो का ब्रिक्स देशों पर निशाना

वहीं, एक टीवी बातचीत में नवारो ने ब्रिक्स देशों पर निशाना साधते हए कहा, जब वे अमेरिका को अपना निर्यात बेचते हैं, तो अपनी अनुचित व्यापार प्रथाओं से हमारा खून चूस रहे होते हैं। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि ब्रिक्स संघ के सभी देश ऐतिहासिक रूप से एक-दूसरे से नफरत करते हैं और एक-दूसरे को मारते हैं। इसी टिप्पणी के दौरान पीटर नवारो ने भारत और चीन के बीच संबंधों की भी आलोचना की और दावा किया कि दोनों देश दशकों से युद्धरत हैं।

ब्रिक्स समूह की शुरुआत ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका से हुई थी। 2024 में इस समूह का विस्तार हुआ और 2025 में मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और नवीनतम सदस्य इंडोनेशिया भी इसमें शामिल हो गए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। दुनिया (World News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

अमित कुमार मंडल author

पत्रकारिता के सफर की शुरुआत 2005 में नोएडा स्थित अमर उजाला अखबार से हुई जहां मैं खबरों की दुनिया से रूबरू हुआ। यहां मिले अनुभव और जानकारियों ने खबरों ...और देखें

End of Article

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited