Putin Xi Jinping Hot Mic Talk: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच 'हॉट-माइक' पर हुई बातों की चर्चा दुनियाभर में हो रही है। दोनों नेताओं के बीच 150 सालो तक जीने की संभावनाओं पर हो रही थी। वहीं, दोनों नेता बायोटेक्नोलॉजी पर भी चर्चा कर रहे थे। आइए पढ़ें कि क्या वाकई इंसान 150 सालों तक जिंदा रह सकते हैं। वहीं, इंसान की आयु बढ़ाने को लेकर वैज्ञानिक क्या रिसर्च कर रहे हैं।
Putin Xi Jinping Hot Mic Talks: कुछ दिनों पहले चीन में विक्ट्री परेड का आयोजन किया गया। यह आयोजन बेहद खास था क्योंकि राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन एक साथ नजर आए। तीनों नेताओं की बातचीत पर दुनिया की निगाहें टिकी हुई थी।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राषट्रपति पुतिन के बीच एंटी एजिंग पर हुई बातचीत।(फोटो सोर्स: AP)
इसी बीच तीनों नेताओं के बीच 'हॉट-माइक' पर हुई बातें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। इस वीडियो में सुना गया कि तीनों नेता, बायोटेक्नोलॉजी, ऑर्गन ट्रांसप्लांट और इंसान के 150 सालों तक जीने की संभावनाएं पर चर्चा कर रहे थे। तीनों नेता जब चीन में सैन्य परेड के दौरान तियानमेन गेट पर समारोह देखने चढ़ रहे थे, तभी वो ये बातें कर रहे थे। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने इस बातचीत पर मुहर भी लगा दी।
पुतिन और शी जिनपिंग के बीच क्या बातचीत हुई है, वो जानने से पहले ये समझ लें कि आखिर ये 'हॉट-माइक' क्या है?
हॉट माइक वह स्थिति होती है जब कोई माइक्रोफोन बिना वक्ता की जानकारी के काम करता रहता है। उनकी प्राइवेट बातचीत या टिप्पणी रिकॉर्ड हो जाती है, जो अकसर सार्वजनिक होने के बाद चर्चा या विवाद का विषय बन जाता है।
पुतिन और शी जिनपिंग ने बायो टेक्नोलॉजी पर चर्चा की।(फोटो सोर्स: AP)
तस्वीर साभार : AP
पुतिन और शी जिनपिंग के बीच क्या हुई बात?
शी जिनपिंग: पहले लोग 70 साल से ज्यादा नहीं जी पाते थे आज 70 की उम्र में भी मानो आप एक बच्चे की तरह ही हैं।
इसके जवाब में व्लादिमीर पुतिन ने कहा: बायोटेक्नोलॉजी के विकास के साथ इंसानों के अंगों को लगातार ट्रांसप्लांट किया जा सकता है। लोग उम्र बढ़ने के साथ जवान भी हो सकते हैं और यहां तक कि अमर भी हो सकते हैं।
इसके बाद शी जिनपिंग ने आगे कहा: भविष्यवाणी है कि इस सदी में लोगों का 150 सालों तक जीना संभव हो सकता है।
शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन, दोनों की उम्र 72 साल है। हालांकि, दोनों नेताओं का फिलहाल रिटायर होने का कोई मूड नहीं है। शी जिनपिंग ने तो चीन में राष्ट्रपति पद की सीमा ही खत्म कर दी है। वहीं, पुतिन ने देश के कानून में फेरबदल कर खुद को 2036 तक रूस का राष्ट्रपति नियुक्त कर दिया है।
दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत के बाद अब सवाल है कि क्या वाकई लोग 150 साल तक जीवित रह सकते हैं? अगर ऐसा होता है तो पूरी दुनिया की व्यवस्था ही बदल जाएगी। भारत सहित दुनिया के कई देशों में ऐसे लोग हैं, जो 100 साल से ज्यादा जी चुके हैं, लेकिन 150 साल तक जीना एक नामुमकिन लगता है।
चीन के विक्ट्री परेड में शामिल हुए पुतिन।(फोटो सोर्स: AP)
तस्वीर साभार : AP
उम्र बढ़ाने के लिए क्या एक्सपेरिमेंट कर रहा चीन?
बता दें कि इस नामुमकिन कार्य को पूरा करने में चीन जुटा हुआ है। चीन के एक लैब में में Human Cell Lineage नाम से स्पेशल प्रोजेक्ट चल रहा है। इसमें इंसानों की cells के डेवलपमेंट की मैपिंग की जा रही है। इसके लिए Artificial Intelligence (AI) की मदद भी ली जा रही है। इस नए प्रोजेक्ट के तहत बीमार होने से पहले ही लोगों के cells को रिप्लेस किया जा सकेगा। ऐसा होता है तो इंसान बीमार ही नहीं पड़ेगा और उसकी उम्र लंबी हो जाएगी।
चीन के वैज्ञानिकों ने एक खास जीन की पहचान की है, जिसे OSER1 कहते हैं। यह जीन लोगों के जीवनचक्र को रेग्युलेट करता है। वैज्ञानिकों ने सिल्कवर्म और मक्खियों पर एक्सपेरिमेंट किया है, जिससे उनकी उम्र बढ़ गई। इंसानों पर इस एक्सपेरिमेंट को दोहराने की कोशिश की जा रही है।
अंग प्रत्यारोपण को लेकर एक्सपेरिमेंट कर रहे चीनी वैज्ञानिक।(फोटो सोर्स: AP)
तस्वीर साभार : AP
वहीं, सवाल ये भी है कि क्या ऑर्गन ट्रांसप्लांट यानी अंग प्रत्यारोपण से लोगों की उम्र बढ़ सकती है? अब तक इंसान के ऑर्गन को ट्रांसप्लांट किए जाते हैं। हालांकि, ऑर्गन को ट्रांसप्लांट करना एक बड़ा खतरा है क्योंकि कभी-कभी शरीर नए अंगों को स्वीकार नहीं करता, जिसकी वजह से लोग या तो अस्वस्थ हो जाते हैं या उन्हें दूसरी अन्य बीमारियों का सामना करना पड़ता है।
वैज्ञानिक ऐसे अंग बनाने के काम में जुटे हैं, जिन्हें शरीर अस्वीकार ही न करे। कुछ दिनों पहले एक प्रयोग किया गया जहां वैज्ञानिक 'क्रिस्पर' नाम की जीन एडिटिंग टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर सूअर के कुछ जीन हटा देते हैं और कुछ इंसानी जीन जोड़ देते हैं ताकि ट्रांसप्लांट किया जाने वाला अंग इंसान के शरीर से मेल खा सके। इस तकनीक से एक हार्ट और किडनी का ट्रांसप्लांट हो चुका है।
इंसान के उम्र को बढ़ाने का एक और तरीका रिवर्स एजिंग है, जिस पर काफी चर्चा होती है। टेक उद्योगपति ब्रायन जॉनसन (Bryan Johnson) हर साल करोड़ों डॉलर खर्च कर रहे हैं ताकि उनकी उम्र कम (रिवर्स एजिंग) हो सके। अपने 17 साल के बेटे के प्लाज्मा को अपने शरीर में इन्फ्यूज कराते हैं।
अमेरिकी उद्यमी ब्रायन जॉनसन की फाइल फोटो। (फोटो सोर्स: bryanjohnson_ instagram)
फ्रांस की रहने वालीं जीन लुइस काल्मेंट की जब मौत हुई थी तो वो 122 साल और 164 दिन की थीं। उनका नाम आधिकारिक तौर पर दुनिया की सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाली महिला है। उनका रिकॉर्ड अभी तक किसी इंसान ने नहीं तोड़ा है।
इंसानों की लंबी उम्र को लेकर क्या सोचते हैं वैज्ञानिक?
हार्वर्ड मेडिकल स्कूल के प्रोफेसर और वैज्ञानिक डेविड सिंक्लेयर ने कहा है कि यह सच है कि उम्र की बढ़ती रफ्तार को कम किया जा सकता है, लेकिन कोई इंसान अमर नहीं हो सकता। बायोजेरोन्टोलॉजिस्ट ऑब्रे डी ग्रे कहते हैं कि एंटी-एजिंग तकनीकें इंसान को 150 साल से अधिक उम्र तक पहुंचा सकती हैं, लेकिन सिर्फ इस पर चर्चा ही हो रही है।