स्पोर्ट्स

Hockey Asia Cup 2025: भारत ने जापान को पटखनी देकर दर्ज की लगातार दूसरी जीत, कप्तान हरमनप्रीत सिंह फिर चमके

भारत ने बिहार के राजगीर में खेले जा रहे हॉकी एशिया कप 2025 में रविवार को जापान को 3-2 के अंतर से मात दी देकर सेमीफाइनल की ओर अपने कदम बढ़ा दिए हैं।
Indian Mens Hockey Team

भारतीय पुरुष हॉकी टीम(फोटो क्रेडिट Hockey India)

राजगीर: बिहार के राजगीर में आयोजित हो रहे पुरुष एशिया कप 2025 के तीसरे दिन मेजबान भारत ने जापान को 3-2 के अंतर से मात देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। चीन के खिलाफ 4-3 से जीत के साथ टूर्नामेंट में शुरुआत करने उतरी भारतीय टीम ने जापान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम लगातार दो जीत के साथ पूल बी में 6 अंक के साथ पहले स्थान पर काबिज हो गई है। भारतीय टीम अपना तीसरा और आखिरी लीग मुकाबला सोमवार को कजाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। सुपर फोर राउंड में पहुंचने के लिए जापान और चीन के बीच सोमवार को भिड़ंत होगी।

पहले क्वार्टर में ही भारत ने बना ली थी 2-0 की बढ़त

भारतीय टीम ने मैच में शानदार शुरुआत करते हुए पहले क्वार्टर में ही 2-0 की बढ़त बना ली थी। इसी स्कोर लाइन के साथ भारत ने फर्स्ट हाफ का अंत किया। मैच के तीसरे क्वार्टर में जापान ने वापसी की कोशिश की। दोनों टीमों ने तीसरे क्वार्टर में एक-एक गोल किया और भारतीय टीम 3-1 से आगे बनी रही। मैच के चौथे और आखिरी क्वार्टर में भारतीय टीम के गोल पोस्ट को जापान की टीम भेदने में सफल रही। जापान ने मैच में बराबरी करने की पुरजोर कोशिश की लेकिन नहीं कर सकी। भारत ने मैच 3-2 से अपने नाम कर लिया। भारत के लिए मैच में दो गोल कप्तान हरमनप्रीत सिंह(5',44')और एक मनदीप सिंह(4') ने किया। चीन के खिलाफ हैट्रिक जड़ने वाले हरमनप्रीत के खाते में 5 गोल दर्ज हो गए हैं। जापान के लिए दोनों गोल कवाबे कोसेई (37', 58') ने फील्ड गोल्ड के रूप में किए।

पेनल्टीकॉर्नर को भुनाने में नाकाम रहा जापान

टूर्नामेंट की शुरुआत कजाखस्तान के खिलाफ 7-0 के साथ धमाकेदार जीत के साथ करने वाली जापान की टीम को 9 पेनल्टीकॉर्नर मिले लेकिन वो इनमें से एक भी मौके को नहीं भुना सकी। वहीं भारतीय टीम को 6 पेनल्टी कॉर्नर मिले जिसमें से 2 को कप्तान हरमनप्रीत सिंह जापानी गोलपोस्ट के अंदर भेजने में सफल रहे। जापान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम के प्रदर्शन में सुधार देखने को मिला।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। स्पोर्ट्स (Sports News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में बतौर डिप्टी हेड कार्यरत हैं। उनका ताल्लुक मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से है और पिछले 15 साल से पत्र...और देखें

End of Article

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited