नोएडा

नोएडा में इसी महीने खुलने जा रहा वेस्ट टू वंडर पार्क, जानें क्या-क्या देखने को मिलेगा

नोएडा में जल्द ही वेस्ट टू वंडर पार्क खुलने जा रहा है। इस पार्क का नाम नोएडा जंगल ट्रेल रखा गया है। यह पार्क न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा, बल्कि नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए नया आकर्षण केंद्र भी बनेगा। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 सितंबर को इसका उद्घाटन करेंगे।
Waste2wonderparknoida

जल्द खुलेगा नोएडा जंगल ट्रेल (फोटो - instagram.com/jungletrailofficial/)

अगर चाहत हो तो कलाकार क्या कुछ नहीं कर सकता। जर्रे को सितारा बनाने के लिए उस जज्बे की जरूरत होती है, जो कबाड़ में भी जुगाड़ ढूंढ़ लेता है। यानी वेस्ट से वंडर तक का सफर जितना मुश्किल है, उतना ही आसान यह जज्बे और दृढ़ इच्छा शक्ति से बन जाता है। ऐसा ही एक वेस्ट टू वंडर पार्क दिल्ली से सटे नोएडा में बनकर तैयार हो गया है। नोएडा के सेक्टर 94 में बने इस पार्क को नोएडा जंगल ट्रेल का नाम दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 सितंबर को इस पार्क का उद्घाटन कर सकते हैं।

नोएडा जंगल ट्रेल को दिल्ली के मशहूर वेस्ट टू वंडर और भारत दर्शन पार्क से प्रेरणा लेकर बनाया गया है। इस पार्क को नोएडा में यमुना नदी के किनारे नोएडा-दिल्ली-फरीदाबाद बॉर्डर पर 18.7 एकड़ जमीन पर बनाया गया है

कचरे से बनाई गई अद्भुत कलाकृतियां

नोएडा जंगल ट्रेल में की सबसे खास बात यह है कि यहां 500 टन लोहे और प्लास्टिक के कबाड़ से बनाई गई लगभग 800 कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। इन 800 कलाकृतियों में जानवर, पक्षियों और डायनासोर की अनोखी प्रतिमाएं भी शामिल होंगी। नोएडा प्राधिकरण ने इस परियोजना पर 15 करोड़ रुपये का का खर्च किया है। इस पार्क और यहां की कलाकृतियों को 4D कॉन्सेप्ट पर डिजाइन किया गया है।

नोएडा अथॉरिटी के सीईओ लोकेश एम ने कहा कि नोएडा में देश का पहला कचरे से बना पार्क तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसका उद्घाटन करने के लिए आमंत्रित किया गया है। इसके बाद पार्क में एडवेंचर सेवाओं को भी विकसित किया जाएगा।

तीन जोन में बंटा पार्क

जोन 1 (4 एकड़): यहां एंट्री प्लाजा, 300 गाड़ियों की पार्किंग, 1000 लोगों की क्षमता वाला एम्फीथिएटर, फूड कोर्ट और एग्जीबिशन एरिया होगा।

जोन 2 (8.8 एकड़): इसमें उष्णकटिबंधीय वर्षावन, रेगिस्तान, घास के मैदान और वेटलैंड्स जैसे कृत्रिम आवास बनाए जाएंगे।

जोन 3 (5.5 एकड़): यह हिस्सा ओखला बर्ड सैंक्चुरी के पास होगा, जहां द्वीप, महासागर, समशीतोष्ण वन और ध्रुवीय क्षेत्रों का अनुभव कराया जाएगा।

कचरे से बने पार्क में टिकट और सुविधाएं

पार्क में बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, पिकनिक स्पॉट, सोलर लाइटिंग वाली बैठने की जगह, स्मारिका दुकानें और डेडिकेटिड फूड कोर्ट होगा। यहां दो एंट्री गेट बनाए गए हैं। इसमें एक गेट दलित प्रेरणा स्थल की ओर और दूसरा सेक्टर 94 मेट्रो स्टेशन की ओर होगा।

बैटरी कार्ट से सफारी का आनंद लेंगे आप

पर्यटक बैटरी चालित ई-कार्ट्स के जरिए इस पार्क में सफारी का आनंद ले सकेंगे। यहां प्रति व्यक्ति 100 रुपये टिकट रखा गया है। नोएडा जंगल ट्रेल पार्क का संचालन और रखरखाव वही एजेंसी करेगी जिसने इसे बनाया है।

वेस्ट टू वंडर पार्क का विकास दो चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण में पार्क का बुनियादी ढांचा और कलाकृतियों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में एडवेंचर और रिक्रिएशन गतिविधियां एड की जाएंगी। इसमें जिप-लाइनिंग, बंजी जंपिंग, ट्रैम्पोलिन, रोप क्लाइंबिंग, रॉक क्लाइंबिंग और जिप साइक्लिंग जैसी रोमांचक गतिविधियां शामिल होंगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। नोएडा (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh author

साल 2006 से पत्रकारिता के क्षेत्र में हैं। शुरुआत में हिंदुस्तान, अमर उजाला और दैनिक जागरण जैसे अखबारों में फ्रीलांस करने के बाद स्थानीय अखबारों और मै...और देखें

End of Article

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited