क्राइम

दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन जुए का बड़ा रैकेट पकड़ा, मुंबई से चल रहा था फर्जी कैसीनो एप

दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन जुए का बड़ा रैकेट पकड़ा, मुंबई से चल रहा था फर्जी कैसीनो एप

दिल्ली: सुल्तानपुरी इलाके में दिल्ली पुलिस ने एक अवैध ऑनलाइन कैसीनो रैकेट का खुलासा किया है। यह गिरोह मुंबई से बैठकर फर्जी एप्लिकेशन के जरिए लोगों को जुए में फंसा रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर सरगना भुवेंद्र उर्फ़ भूपेंद्र सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। छापे में पुलिस ने ₹85,320 नगद, छह कंप्यूटर सेटअप, छह मॉनिटर, छह सीपीयू, छह कीबोर्ड और छह माउस बरामद किए हैं।

गिरोह लोगों को संदिग्ध लिंक और क्यूआर कोड भेजता था। इन लिंक से आधिकारिक ऐप स्टोर के बाहर से एक नकली ऐप डाउनलोड करवाया जाता था। इंस्टॉल करने के बाद पीड़ित से ओटीपी डलवाकर उनकी जानकारी हासिल कर ली जाती थी। इसके बाद उन्हें असली पैसे से पॉइंट खरीदकर ऑनलाइन जुए में शामिल होने का लालच दिया जाता था। ऐप को 2-3 महीने तक चलाया जाता और जब लोग इसमें पैसा फँसा लेते, तो अचानक ऐप को बंद कर दिया जाता। इसके बाद नया लिंक जारी कर और लोगों को जाल में फंसाया जाता था।

पुलिस की कार्रवाई

जांच में सामने आया है कि आरोपी गूगल ऑथेंटिकेटर का सहारा लेकर अपनी गतिविधियों को असली दिखाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि लोगों को संदिग्ध लिंक के जरिए ठगा जा रहा है। जांच में तकनीकी साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस ऑनलाइन जुए के नेटवर्क से कितने लोग और जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह की ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी संदिग्ध लिंक या क्यूआर कोड पर क्लिक नहीं करना चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। क्राइम (Crime News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

    अनुज मिश्रा author

    अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं।...और देखें

    End of Article

    © 2025 Bennett, Coleman & Company Limited