स्पोर्ट्स

Asia Rugby U20s Sevens Championship 2025: राजगीर में खिताब के लिए भिड़ेंगी एशिया की नौ सर्वश्रेष्ठ टीमें, शुक्रवार को होगा आगाज

बिहार के राजगीर में शुक्रवार को एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैम्पियनशिप-2025 को आगाज होने जा रहा है। एशिया के नौ देशों की सर्वश्रेष्ठ महिला और पुरुष टीमें खिताब के लिए अगले दो दिन एक दूसरे से टक्कर लेती नजर आएंगी।
Asia Rugby U20s Sevens Championship 2025

एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैम्पियनशिप-2025

पटना: बिहार खेल जगत में एक बार फिर नया इतिहास रचने जा रहा है। ऐतिहासिक नगरी राजगीर में शुक्रवार से एशिया महादेश की सबसे की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता “एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैम्पियनशिप-2025” में एशिया की सर्वश्रेष्ठ आठ पुरुष और आठ महिला टीमें एशियाई खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी। बता दें कि हाल के दिनों में बिहार की मेजबानी में यह तीसरी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन है।

एशिया रग्बी अंडर-20 चैम्पियनशिप में कुल नौ देशों के कुल 192 पुरुष व महिला खिलाड़ियों के अलावा 32 प्रशिक्षक व सपोर्ट स्टाफ के साथ 50 तकनीकी पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। दो दिवसीय यह चैम्पियनशिप 9 से 10 अगस्त तक चलेगी और इस चैम्पियनशिप में कुल 40 मुकाबले खेले जाएंगे। खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव बी राजेंदर ने गुरुवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मलेन में बताया कि “रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैम्पियनशिप का उद्घाटन राज्य के खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता करेंगे जबकि इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार भी मौजूद रहेंगे। इस संवाददाता सम्मलेन में रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस के साथ भारतीय पुरुष टीम के कप्तान सुमित कुमार रॉय व महिला टीम की कप्तान भूमिका शुक्ल मौजूद थीं।

श्री राजेंदर ने बताया कि पुरुष वर्ग में एशिया की जो नौ देशों की टीमें इस चैम्पियनशिप में भाग ले रही हैं, उनमें चीन,हांगकांग,यूएई, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, श्रीलंका, मलयेशियाऔर मेजबान भारत शामिल है। इसी तरह महिला वर्ग में चीन, हांगकांग, यूएई, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, श्रीलंका, नेपाल और मेजबान भारत शामिल है। उन्होंने कहा कि राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर इन दिनों दुनिया की निगाह में है। आगामी 29 अगस्त से बिहार की मेजबानी में राजगीर खेल परिसर में हीरो कप एशियाई हाकी चैम्पियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें एशिया की आठ सर्वश्रेष्ठ हाकी खेलने वाले देशों की टीमें शिरकत करेंगी।

बता दें कि एशिया रग्बी अंडर-20 चैम्पियनशिप बिहार के लिए इसलिए भी ख़ास है कि भारत की महिला रग्बी अंडर-20 टीम में बिहार की चार महिला खिलाड़ियों आरती कुमारी, अंशु कुमारी, अल्पना कुमारी और गुड़िया कुमारी को स्थान मिला है। इसी तरह भारतीय पुरुष अंडर-20 टीम में बिहार के दो खिलाड़ी गोल्डन कुमार और सागर प्रकाश एशिया की सात अन्य देशों की टीमों से लोहा लेंगे। श्री राजेंदर ने बताया कि गुरुवार से ही विदेशी टीमों के राजगीर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। चीन की पुरुष और महिला टीम राजगीर पहुंच चुकी हैं। सभी देशों की टीमों का पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर बिहार की आतिथ्य परम्परा के अनुसार स्वागत किया जा रहा है। सभी टीमों के रहने की व्यवस्था राजगीर में ही उच्च स्तरीय सुरक्षा के साथ की गई है।

विश्वस्तरीय प्रशिक्षकों से मिला है भारतीय टीमों को प्रशिक्षण: राहुल बोस

संवाददाता सम्मलेन में मौजूद रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस ने बताया कि दोनों वर्गों में भारतीय टीम की तैयारी बहुत अच्छी है। पुरुष और महिला टीमों की तैयारियों के लिए कोलकाता में एक महीने के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि रग्बी इंडिया ने भारतीय पुरुष व महिला टीम के लिए विश्वस्तरीय कोच की व्यवस्था की है। पुरुष टीम के लिए स्पेन के फ्रांसिसको हरनांडेज और महिला टीम के लिए दक्षिण अफ्रीका के कियानो फोरी को नियुक्त किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। स्पोर्ट्स (Sports News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए...और देखें

End of Article

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited